गाजियाबाद (युग करवट)। एलपीजी किल्लत के बीच उपभोक्ताओं को केरोसीन तेल वितरण किए जाने के निर्देश शासन से जारी हुए हैं। राशन की दुकानों के साथ-साथ पेट्रोल पम्प पर भी केरोसीन उपलब्ध होगा जिससे काफी हद तक लोगों की एलपीजी को लेकर समस्या कम होगी। हालांकि केरोसीन तेल किस तरह से उपभोक्ताओं तक पहुंचेंगे। जिले में कितने स्थानों पर यह उपलब्ध होगा, राशन कार्ड धारकों के अलावा सामान्य उपभोक्ताओं को भी यह उपलब्ध होगा और इसकी कीमत क्या रखी जाएगी। अभी तक यह तय नहीं हो सका है। शासन ने उपभोक्ताओं को राहत तो दी है लेकिन अभी इसको लेकर कोई नियम जारी नहीं किए हैं। जबकि उपभोक्तओं ने इसको लेकर पेट्रोल पम्प व राशन डीलर्स से पूछताछ करनी शुरू कर दी है। हालांकि जिले में बीस फीसदी कर्मिशयल गैस की सप्लाई शुरू कर दी है जिससे कर्मिशयल उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली है। जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि केरोसीन तेल वितरण को लेकर शासन की गाइड लाइन का इंतजार है। आदेश जारी होते ही उसका अनुपालन किया जाएगा व जिले में वितरण शुरू हो जाएगा। हालंाकि जिले में एलपीजी को लेकर गैस संकट होने से उन्होंने इंकार किया है। उनका कहना है कि बुकिंग के उपरांत उपभोक्ताओं को निर्धारित समय में गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराया जा रहा है।