आधा दर्जन पुलिसकर्मियों समेत १६ लोग घायल, दो एसीपी समेत कई की फटी वर्दी
प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरपुर हिन्दू गांव के पास बने सॉलिड वेस्ट रिसाईकिलिंग प्लांट पर किसान व पुलिस वाले भिड़ गये। किसानों ने प्लॉट के ताले तोडक़र तोडफ़ोड़ करनी शुरू कर दी। इस सूचना के मिलते ही एसीपी लोनी सिद्घार्थ गौतम व एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय के नेतृत्व में लोनी, लोनी बॉर्डर, अंकुर विहार व ट्रोनिका सिटी के सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। किसानों के बीच में मौजूद अराजक तत्वों ने जब हूटिंग व गाली गलौच करते हुए फोर्स पर पत्थरबाजी करनी शुरू दी तो पुलिस को भी लाठी चार्ज करना पड़ा। किसानों व पुलिस के बीच हुई भिडं़त के दौरान जहां लगभग आधा दर्जन पुलिस वाले चोटिल हो गये वहीं दो महिलाओं समेत एक दर्जन से अधिक किसान भी चोटिल हुए। इतना ही नहीं इस भिडं़त के दौरान शरारती तत्वों ने यह कहकर माहौल को और अधिक खराब करने का प्रयास किया कि पुलिस द्वारा की गई मारपीट से पचायरा निवासी रेशम पत्नी कुंदन नामक वृद्घ महिला की मौत हो गई है। इस अफवाह के फैलते ही ग्रामीणों में गुस्सा व्याप्त हो गया। यह मामला उसी समय शांत हुआ कि जब पुलिस अधिकारियों ने किसानों को बताया कि महिला पूरी तरह स्वस्थ हैं। मौके पर भारतीय किसान यूनियन के राष्टï्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के पहुंचने की सूचना को पर डंपिंग ग्रांउड के पास भारी पुलिसबल तैनात कर दिया था। एसीपी लोनी सिद्घार्थ गौतम व एसीपी अंकुर विहार ज्ञान प्रकाश राय कई थानों की पुलिस, पीएसी व क्यूआरटीज के साथ मौके पर डटे हुए थे। एडिशनल सीपी व डीजसी रूरल ने भी घटनास्थल का मुआएना किया। एिसीपी लोनी सिद्घार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस ने उस समय लाठी चार्ज किया कि जब किसानों के बीच में मौजूद शरारती तत्वों ने पुलिस पर हमला बोलकर पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी। इतना ही नहीं उपद्रवियों ने उनके व एसीपी ज्ञान प्रकाश राय समेत कई अफसरों की वर्दी भी फाड़ दी।