गाजियाबाद (युग करवट)। वेव सिटी में ग्रुप हाउसिंग के प्रोजेक्ट का निर्माण किसानों ने रुकवा दिया था। वहां काम करने वाले कर्मचारियों को भी खदेड़ दिया। इस मामले में साइट इंचार्ज ने छह किसान नेताओं व 45 अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। किसानों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने के बाद सैकड़ों किसान वेव सिटी थाने पहुंचे। किसानों ने थाने के अंदर बैठकर प्रदर्शन किया। किसान नेता टीकम नागर ने आरोप लगाया है कि बिल्डर ने बिना मुआवजा दिए जमीन पर निर्माण शुरू कर दिया है। जब तक मुआवजा नहीं मिलता, तब तक जमीन बिल्डर की नहीं है। किसानों ने इसको लेकर पहले पंचायत की थी। इसके बाद वह अपनी जमीन पर गए थे। यह भी कहा कि बिल्डर झूठे मुकदमे लिखवाकर आंदोलन को दबाने का प्रयास कर रहा है। किसान एकजुटता के साथ इसका मुकाबला करेंगे।