आज बच्चों को लेकर अभिभावक करेंगे प्रदर्शन
गाजियाबाद (युग करवट)। अभिभावकों की बिना अनुमति के स्कूल टाइम बढ़ाने पर आक्रोशित डीपीएसजी स्कूल के अभिभावकों ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर चार घंटे तक प्रदर्शन किया। अभिभावक जिला प्रशासन से लगातार इस मामले में कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सिटी मजिस्ट्रेट डॉ.संतोष उपाध्याय, बेसिक शिक्षा अधिकारी ओपी यादव, एसीपी सूर्यबलि मौर्य ने अभिभावकों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभिभावक डीएम को बाहर बुलाकर वार्ता करने पर अड़े रहे।
प्रदर्शन कर रहे अभावकों का कहना है कि सीनियर कक्षाओं के बच्चे स्कूल पढ़ाई के साथ जेईई, नीट, यूपीएससी समेत कोई न कोई प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी भी कर रहे हैं, ऐसे में स्कूल का समय बढऩे से बच्चों की कोचिंग क्लास छूट रही हैं। इससे बच्चों और अभिभावकों दोनों को परेशानी हो रही है, लेकिन स्कूल प्रबंधन समय घटाने को तैयार नहीं है। सुबह करीब दस बजे सैंकड़ों की संख्या में अभिभावक जिला मुख्यालय पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। मौके पर पहुंचे एसीपी सूर्यबालि मौर्य ने अभिभावकों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद अभिभावकों का एक प्रतिनिधि मंडल डीएम से वार्ता करने पहुंचा। अभिभावकों से वार्ता करने के उपरांत डीएम ने उन्हें आश्वासन दिया कि इस मामले में सीबीएसई को पत्र लिखकर गाइड लाइन मंगाई जाएगी और स्कूल प्रबंधन से भी वार्ता की जाएगी। हालांकि अभिभावक इस मामले में तत्काल कार्रवाई और ठोस आश्वासन दिए जाने की मांग पर अड़े रहे। अभिभावकों ने कहा कि डीएम उनके बीच पहुंचकर इस मामले में जवाब दें। सिटी मजिस्ट्रेट डॉ.संतोष उपाध्याय ने अभिभावकों का समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभिभावक जिला मुख्यालय के मुख्य गेट पर ही चार घंटे तक डटे रहे। इतना ही नहीं प्रदर्शन के दौरान अभिभावकों को मुख्यालय तक में नहीं जाने दिया गया जिससे वह और भडक़ गए। इतना ही नहीं अभिभावक मुख्य गेट पर ही धरना देकर बैठे रहे। स्कूल प्रबंधन का इस मामले में कहना है कि हर पीरियड के बाद पांच मिनट का ब्रेक बढ़ाने से केवल 50 मिनट ही बढ़े हैं, ऐसा छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और समग्र विकास के लिए किया गया है। अभिभावकों को छुट्टियों तक इंतजार कर समीक्षा करने को कहा गया है। वहीं अभिावकों का आरोप है कि उन्हें बिना बताएं स्कूल का टाइम बढ़ा दिया गया है। स्कूल मानसिक स्वास्थ्य की बात कर रहा है जबकि उनके बच्चे मैंटल हेरिसमेंट का शिकार हो रहे हैं। बच्चे एक-एक घंटा बेवजह एक कमरें में बैठे रहते हैं, जिससे उनके मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़ रहा है, उनकी कोचिंग छूट रही हैं। चार घंटे तक चले हंगामे के बाद अब अभिभावको ने कोई समाधान न निकलने पर आज जिला मुख्यालय में अपने बच्चों को लेकर प्रदर्शन करने और उनकी क्लास वहीं लगाने की चेतावनी दी है।
डीएम के कक्ष में नारेबाजी करते पहुंचे अभिभावक
प्रदर्शन करने पहुंचे अभिभावकों को डीएम ने वार्ता के लिए अपने कक्ष में बुलाया था। इस दौरान डीएम ने वार्ता के लिए छह लोगों को बुलाया। इस बीच एक दर्जन के करीब अभिभावक नारेबाजी करते हुए उनके कक्ष में पहुंच गए और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। शांत करने के बाद भी अभिभावक डीएम कक्ष में नारेबाजी करते रहे। जिससे डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कविनगर पुलिस को वीडियो में पहचान कर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी अभिभावक के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
आईपीए और जीपीए ने भी दिया समर्थन
डीपीएसजी स्कूल के अभिभावकों के प्रदर्शन में इंडियन पेरेंट्स एसोसिएशन और गाजियाबाद पेरेंट्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने भी जिला मुख्यालय पहुंचकर अपना समर्थन दिया। आईपीए ने प्रदर्शन को लेकर आहवाहन किया था जिसमें विवेक त्यागी आदि पदाधिकारी प्रदर्शन में पहुंचे। इसके साथ जीपीए सचिव अनिल सिंह, नरेश कीर, सतपाल चौधरी भी प्रदर्शन में समर्थन देने पहुंचे।