जमीन से जुड़ा हुआ हूं : मांदड़
गाजियाबाद (युग करवट)। किसानों की समस्याओं को जानने के लिए भोजपुर के तलहैटा गांव पहुंचे डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ का आज एक अलग ही रूप देखने को मिला। किसानों से मिलने के लिए डीएम अपनी सरकारी गाड़ी के बजाए किसान की बाइक पर बैठकर किसानों के बीच पहुंचे। दरअसल, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस वे के आसपास जहां-जहां किसानों ने मिट्टी खनन की शिकायत की थी, उस स्थान का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ना सिर्फ किसानों के साथ बाइक पर घूमे बल्कि गुड़ और मठ्ठे का स्वाद भी चखा। इस संबंध में युग करवट से बातचीत में डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने बाइक पर निरीक्षण करने को लेकर किये गये सवाल पर कहा कि वह जमीन से जुड़े इंसान हैं, इसलिए वह किसानों के बीच एक आम आदमी की तरह पहुंचे और उनकी समस्या जानी। डीएम ने कहा कि जब भी कोई किसान उनसे मिलने आता है वह उनसे देसी खाने और गुड़-मठ्ठा पिलाने की बात करते हैं। जब वह गांव में पहुंचे तो किसानों ने उन्हें गुड़ और मठ्ठा पिलाया। बाइक पर बैठने के पीछे की मंशा थी कि स्थानीय लोग सहजता से अपनी समस्या बता सकें और आपसी समन्वय से समस्याओं को निस्तारण हो सके। बता दें कि भोजपुर ब्लॉक के गांव तलहैटा में बन रहे गोल चक्कर को लेकर काफी समय से किसान आंदोलन कर रहे हैं। डीएम धरना स्थल पर ही किसानों से मिलने पहुंचे। डीएम ने किसानों को एनएचएआई से वार्ता कर निस्तारण का आश्वासन दिया। डीएम इस दौरान करीब एक घंटा तक तलहैटा में किसानों के साथ रहें। उनके साथ एसडीएम मोदीनगर अजीत सिंह, आईएएस अयान जैन, भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी विजेन्द्र सिंह आदि किसान मौजूद रहे।