एक साल पहले दूसरे संप्रदाय की लडक़ी से नितिन ने की थी लव मैरिज
प्रमुख अपराध संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। टीला मोड़ थाना क्षेत्र में हुई ऑनरकिलिंग की वारदात के दौरान एक युवक की नृशंस हत्या कर दी गई। मृतक का शव टीला मेाड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत भनेड़ा की पुलिया के पास मिला। एसीपी शालीमार गार्डन अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि भनेड़ा गांव के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। इस घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ टीला मोड़ रवि बालियान फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंच गये। श्री सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त नितिन पुत्र रामनाथ निवासी न्यू गितांजलि विहार लोनी के रूप में हुई। मृतक के भाई अमित ने बताया कि नितिन ने एक साल पहले लोनी में रहने वाली संप्रदाय विशेष की युवती मुस्कान से शादी की थी।
कुछ समय पूर्व पति पत्नी में अनबन होने पर मुस्कान रूठकर अपने घर चली गई थी। सोमवार को उसके पिता व खालू अपने आधा दर्जन साथियों के साथ उनके यहां आये थे। समझौते की बात कहकर जब वो नितिन को अपने साथ ले जाने लगे तो वह भी उनके साथ चल दिया। फरूखनगर के पास उसकी भाभी के परिजनों ने न केवल उसके भाई नितिन की हत्या कर दी बल्कि उसकी भी पिटाई की। श्री सिंह ने बताया कि पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज करके नामजद अभियुकतों में से दो को हिरासत में ले लिया। उन्होंने बताया कि शेष वांछितों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा।