नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। राजनगर एक्सटेंशन में प्रस्तावित अंतर्राष्टï्रीय क्रिकेट स्टेडियम के आसपास के क्षेत्र में जीडीए ऐरोसिटी के नाम से नई टाउनशिप बनाने जा रहा है। हाल ही में हुई बोर्ड बैठक में इस प्रस्ताव पर मुहर लग गई है। ऐसे में जीडीए टाउनशिप को अमली जामा पहनाने के लिए कवायद तेज कर दी है। सबसे पहले जीडीए इस योजना में सर्वे करा रहा है। हरनंदीपुरम योजना में सर्वे में जुटी टीम ही इस योजना का भी सर्वे करेगी। सर्वे के दौरान देखा जाएगा कि योजना को किस तरह से विकसित किया जा सकता है। जमीनों की उपलब्धता कैसी है, परिस्थिति क्या हैं। यहां पर क्या आवासीय, कर्मिशियल शॉपिंग काम्प्लैक्स की आवश्यकता है। जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि ऐरोसिटी पर तेजी से काम किया जा रहा है ताकि क्रिकेट स्टेडियम के साथ ही इस योजना को भी पूरा किया जा सके। इसके लिए सर्वे हो गया है। इसके बाद किसानों से आपसी वार्ता होगी, भूमि अधिग्रहण किया जाएगा। प्रयास है कि नई टाउनशिप का काम भी तेजी से शुरू हो।
क्या होगा लाभ
ऐरोसिटी थीम पर बनने वाली इस नई टाउनशिप के विकसित होने से नए निवेश और रोजगार बढ़ेंगे, प्राधिकरण की राजस्व आय बढ़ेगी, सुनियोजित तरीके से शहरी विकास होगा, यह क्षेत्र स्पोर्ट्स एवं पर्यटन हब के रूप में विकसित होगा। टाउनशिप का न्यूनतम क्षेत्रफल 25 एकड़ में होगा। सीड कैपिटल का उपयोग एक ही स्थान पर किया जाएगा। गांव अटौर व मोरटी में जमीनों का चिन्हीकरण करते हुए महायोजना के अनुरूप गाटों, खसरों का विवरण संकलित किया जाएगा। इसके उपरांत भूमि क्रय करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाएगा। जिसे आगामी बोर्ड में रखा जाएगा।