गाजियाबाद (युग करवट)। लोनी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष व रालोद नेता मनोज धामा एक मार्च को लोनी क्षेत्र में होली मिलन समारोह का आयोजन कर रहे हैं। यह आयोजन केवल सांस्कृतिक रंग में रंगा नहीं होगा बल्कि इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से जोडक़र देखा जा रहा है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के शामिल होंगे। पारंपरिक लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रागिनी कलाकारों को आमंत्रित किया गया है, जो ब्रज और पश्चिमी उत्तर प्रदेश की लोक परंपराओं की प्रस्तुति देंगे। इस आयोजन में उनकी पत्नी एवं लोनी नगर पालिका अध्यक्ष रंजीता धामा की भी विशेष भूमिका रहेगी। क्षेत्रीय राजनीति में रंजीता धामा भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।
नगर पालिका स्तर पर विकास कार्यों को आगे बढ़ाने में उनकी भागीदारी लगातार चर्चा में रही है। लोनी क्षेत्र में मनोज धामा की छवि एक ऐसे जन नेता की रही है जो सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहते हैं। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रहते हुए उन्होंने क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए और लगातार लोगों से जुड़े रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे हर वर्ग के बीच सहज पहुंच रखने वाले नेता हैं और क्षेत्र के सामाजिक, पारिवारिक व जनहित के कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाते हैं।
बताया जा रहा है कि मनोज धामा इस होली मिलन समारोह के माध्यम से शक्ति प्रदर्शन करने जा रहे हैं। इस तरह के आयोजनों के माध्यम से मनोज धामा अपने समर्थकों को एकजुट करने और क्षेत्र में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।