रिलायंस समूह से पीडि़त किसानों की समस्याओं के संबंध में सीएम को भेजा पत्र
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। हमेशा किसानों की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहने वाले पूर्व सांसद रमेशचंद तोमर एक बार फिर रिलायंस से पीडि़त किसानों के साथ खड़े नजर आ रहे हैं। किसानों की समस्याओं को लेकर पूर्व सांसद कई बार यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुलाकात कर चुके हैं। अब उनका प्रयास है कि रिलायंस पीडि़त किसानों को राहत दिलाते हुए मुख्यमंत्री के हाथों किसानों का नाम खतौनी में दर्ज कराने के बाद वो खतौनियां मुख्यमंत्री के हाथों किसानों को दिलायें।
पूर्व सांसद रमेश चंद तोमर ने धौलाना क्षेत्र के किसानों की मांगों को लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखा। पूर्व सांसद रमेशा चंद तोमर ने अपने पत्र में कहा है कि धौलाना में बने रिलायन्स प्लांट से प्रभावित किसानों की समस्याओं को लेकर मुलाकात की थी, जिसमें इसको लेकर आश्वासन भी दिया था। पूर्व सांसद ने अपने पत्र में कहा है कि उन्होंने भी खुद गांव-गांव जाकर जो क्षेत्र रिलायंस से प्रभावित है, उन किसानों से मीटिंग कर उनकी राय जानने का काम किया है। जिसमें सब किसानों की इच्छा है कि खतौनी में किसानों के नाम दर्ज किए जाएं और सरकार की देय राशि जो किसानों पर है, उसे खतौनी में चढ़ाया जाए साथ ही रिलायंस से सम्बंधित सभी मुकदमे वापस लिए जाएं।
पूर्व सांसद डॉ. रमेशचंद तोमर ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद किसानों की समस्याओं को लेकर हमेशा गंभीर रहते हैं। उनहोंने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान जब उन्होंने किसानों की समस्याएं बताई थी तब मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस ओर कार्रवाई करने को कहा था।
रमेशचंद तोमर ने बताया कि एक बार फिर वो मुख्यमंत्री के संज्ञान में ये बात लाएंगे। उन्हें उम्मीद है कि मुख्यमंत्री बहुत जल्द धौलाना में एक जनसभा के दौरान किसानों को खतौनी दे सकते हैं। डॉ. रमेशचंद तोमर ने बताया कि बहुत जल्द इस बारे में कोई शासन से निर्णय लिया जा सकता है।