शादी का कार्ड लेकर डीएसओ कार्यालय पहुंच रहे हैं लोग
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। अप्रैल से शादियों का सीजन शुरू हो गया है। लेकिन शादी के घरों में सबसे अधिक टेंशन गैस सिलेण्डर को लेकर है। यानि शादी के तमाम इंतजाम के बीच परिजनों को गैस सिलेण्डर जुटाने की भी है। गैस एजेंसियों पर किल्लत के कारण बिना बुकिंग के कारण कोई सिलेण्डर नहीं दिया जा रहा है। वहीं नियम बनाया गया है कि एक शादी के कार्ड पर कुल तीन कर्मिशयल गैस सिलेण्डर दिए जाएंगे। ऐसे में बड़ी संख्या में लोग शादी के कार्ड लेकर जिला पूर्ति कार्यालय पहुंच रहे हैं। सुबह से ही आपूर्ति विभाग में ऐसे लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो जाती है, जिनके घरों में शादी होने वाली है। लोग सिलेण्डर की मांग निर्धारित से अधिक कर रहे हैं। दिल्ली गेट निवासी महिपाल सिंह का कहना है कि अगले हफ्ते बेटी की शादी है, शादी के दिन खाना बनना है लेकिन अभी तक गैस सिलेण्डर का इंतजाम नहीं हो पा रहा है। तीन गैस सिलेण्डर में काम होना मुश्किल है। लेकिन इन तीन सिलेण्डरों के लिए भी काफी मुश्किलें हो रही हैं। यह समस्या किसी एक की नहीं है बल्कि उन सभी के लिए है जिनके घरों में शादी होने वाली है। जिला आपूर्ति अमित तिवारी के मुताबिक शादी के कार्ड के आधार पर जितने सिलेण्डर निर्धारित हैं, उतने दिए जा रहे हैं, उसमें कोई दिक्कतें नहीं हैं, लेकिन मांग अधिक की है। ऐेसे में वर्तमान हालात में अधिक डिमांड पूरी करना आसान नहीं है। लोगों को समझाया जा रहा है कि वह गैस के बजाए अन्य स्त्रोतों का इस्तेमाल करें ताकि गैस की किल्लत न उठानी पड़े।