नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। इंदिरापुरम एलिवेटेड पर स्लिप रोड बनाए जाने के डिजाइन पर प्रदेश शासन की मुहर लग गई है। अब जीडीए तेजी से इस पर काम शुरू करेगा। इसके लिए शासन स्तर से बजट पर भी सहमति मिल गई है।
बता दें कि काफी समय से जीडीए इंदिरापुरम स्थित एलिवेटेड रोड पर स्लिप रोड बनाने की दिशा में काम कर रहा था। इसको लेकर दस मार्च को जीडीए के अधिकारियों ने लखनऊ में प्रजेंटेशन दिया, योजना का डिजाइन, जरूरत, वाहनों का आवागमन सहित अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर जानकारी दी। इसके बाद शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी। इस प्रोजेक्ट पर 112 करोड़ रुपए की लागत आएगी। एलिवेटेड पर इंदिरापुरम और वंसुधरा की ओर स्लिप रोड बनाई जाएगी। स्लिप रोड बनने से इंदिरापुरम से दिल्ली और दिल्ली से वंसुधरा जाने वाले वाहन चालक सीधे स्लिप रोड के जरिए एलिवेटेड से आवागमन कर सकेंगे। इससे वाहनों का दबाव भी कम होगा और यातायात सुगम होगा। जीडीए सचिव विवेक कुमार मिश्र ने बताया कि इस योजना से करीब दस लाख लोगों को फायदा मिलेगा। प्रस्ताव मंजूर हो गया है, अब काम शुरू करना है।