नोएडा (युग करवट)। नोएडा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवराज मेहता की मौत के मामले में शासन के निर्देश पर गठित एसआईटी ने अपनी जांच पूरी कर ली है। एसआईटी अपनी जांच रिपोर्ट आज शासन को सौंप देगी।
इस जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन स्तर से कुछ और अधिकारियों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। सेक्टर-150 में हुई सॉफ्टवेयर इंजीनियर की मौत के मामले में पहले एसआईटी ने नोएडा प्राधिकरण, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों से पूछताछ कर उनके बयान लिए हैं। तीनों विभागों की 600 से अधिक पन्नों की रिपोर्ट बताई जा रही है। सूत्रों ने बताया कि अधिकारी न तो बयान में और न ही लिखित में कुछ सवालों के सटीक जबाव दे सके। नोएडा प्राधिकरण के नियोजन विभाग, ट्रैफिक सेल व सिविल विभाग के संबंधित क्षेत्र के अधिकारी सवालों का सटीक जबाव नहीं दे सके। अधिकांश मामले में अफसरों ने शासनादेश, न्यायालय के आदेश, बिल्डर को दिए गए पत्र, जानकारी मिलने पर तुरंत पहुंचने, निकालने के प्रयास करने समेत कई चीजों का हवाला देते हुए अपना बचाव किया है।