गाजियाबाद (युग करवट)। संजयनगर स्थित नार्दन इंडिया टैक्सटाइल रिसर्च एसोसिएशन में सुरक्षात्मक वस्त्रों में नवाचार विषय को लेकर एक दिवसीय राष्टï्रीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ केन्द्रीय टैक्सटाइल मंत्री गिरिराज सिंह, मुख्य कार्यकारी अधिकारी केविक रूपराशि, संयुक्त सचिव मनीषा चटजीई, निटरा चेयरमैन विदित जैन, निटरा डिप्टी चेयरमैन संदीप होरा, निटरा महानिदेशक डॉ.एमएस परमार ने किया।
मुख्य अतिथि गिरिराज सिंह ने डॉ.परमार को मिल्कवीड फाइबर का सूत्रधार बताते हुए कहा कि यह पौधा भारतीय संस्कृति का प्रतीक है, इसके प्रत्येक हिस्से जैसे फल, तना आदि का प्रयोग कर वैज्ञानिक तरीके से बेहतरीन उत्पाद तैयार किया है। गिरिराज सिंह ने कहा कि यह पौधा भारतीय संस्कृति का प्रतीक है। जो माइनस 30 डिग्री में भी बेहद गर्माहट देता है।
इस फाइबर से सेना के लिए अति दुर्गम क्षेत्र में देश की रक्षा कर रहे जवानों के लिए वस्त्र तैयार किए जा रहे हैं। पहले सेना के लिए बाहर से वस्त्र आदि मंगाने पड़ते थे, लेकिन अब देश में ही इस फाइबर की मदद से उनके लिए स्वदेशी कवच तैयार हो रहा है। इस अवसर पर निटरा के चेयरमैन विदित जैन ने संस्था की उपलब्ध्यिों पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत कैबिनेट मंत्री ने डॉ.परमार द्वारा लिखित मिल्कवीड पर पुस्तक का विमोचन किया। साथ ही इसको लेकर एक वीडियो का भी प्रसारण किया गया। कार्यक्रम के बाद निट्रा द्वारा बनाई गई स्वदेशी मशीन मिल्कवीड फ्लोस और सीड सेपरेटर मशीन का अनावरण किया। व विभिन्न संस्थाओं द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया व संस्थान में की जा रही मिल्कवीड की खेती का भी अवलोकन किया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा सीआरपीएफ के डीआईजी, आईटीबीपी के आई को मिल्कवीड फाइबर से बने वस्त्र भेंट किए गए। अंत में डॉ.परमार और मिशन डायरेक्टर अशोक मल्होत्रा ने सभी का आभार जताया।
पश्चिमी बंगाल में ममता और टीएमएसी में निराशा है: गिरिराज सिंह
गाजियाबाद (युग करवट)। कार्यक्रम के उपरांत मीडिया से हुई वार्ता में कैबिनेट मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि जिस तरह से टैक्सटाइल के क्षेत्र में नवाचार हो रहे हैं, प्रयोग हो रहे हैं, आने वाले समय में एग्रीकल्चर के बाद टैक्सटाइल में सबसे अधिक रोजगार के अवसर होंगे। किसानों को मिल्कवीड की खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। पश्चिमी बंगाल में चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि वहां ममता और टीएमसी में निराशा है। उन्हें पता है कि वहां की जनता उनका खेला समझ गई है और वह भाजपा के साथ है। इस बार वहां भाजपा सरकार बनेगी। वोट कटने पर बोले कि पश्चिमी बंगाल को बांग्लादेश नहीं बनने देंगे।