गाजियाबाद (युग करवट)। साहिबाबाद में आनंद विहार बस अड्डा स्थापित है जहां कई हजार बसों का रोज संचालन होता है। लेकिन यहां पर सबसे बड़ा दुर्घटना का कारण रॉन्ग साइड से आने वाली बसें बन रही हैं। हैरत की बात तो ये है कि रॉन्ग साइड से आने वाली बसों की रफ्तार सौ के आसपास होती है जिससे रोज दुर्घटनाएं होती है। इस संबंध में कई घटनाएं हो चुकी है लेकिन अभी तक कोई भी कार्रवाई नहीं हो पा रही है। इससे किसी दिन भी बहुत बड़ी दुर्घटना हो सकती है। कल भी एक ऐसी ही घटना हुई जिसमें एक बस ने कई वाहनों पर टक्कर मारी और फिर वो तेज स्पीड़ के साथ चालक उसे ले गया। इस हादसे में पासपोर्ट विभाग में तैनात प्रसून मालवीय भी शिकार हुए। उनकी गाड़ी को भी बस ने क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रसून मालवीय ने बताया कि वो कल अपने साहिबाबाद स्थित पासपोर्ट कार्यालय पर जा रहे थे तभी रॉन्ग साइड से आ रही बस यूपी-15 सीटी-8001 ने कई गाडिय़ों को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि इस हादसे में उनकी गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस संबंध में डीसीपी ट्रांस हिंडन एवं डीसीपी ट्रैफिक को अवगत कराया गया। बस चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। प्रसून मालवीय ने बताया कि उन्हीं के कार्यालय मे कार्यरत एक अन्य व्यक्ति भी गत दिनों हादसे का शिकार हुआ। उसका मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। उन्होंने बताया कि रोज कई हजार बसें आनंद विहार बस अड्डे से निकलती है और रॉन्ग साइड से आती है जिससे किसी भी बड़ा हादसा हो सकता है।