नई दिल्ली (युग करवट)। देश के तीन महत्वपूर्ण राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान समाप्त हो गया है। पुडुचेरी, केरलम और असम में सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हुई जो शाम छह बजे समाप्त हुई।
विधानसभा चुनाव के अलावा कर्नाटक की 2 सीटों, नागालैंड में एक सीट, त्रिपुरा में एक सीट पर उपचुनाव हुआ। वहीं, गोवा में भी एक सीट पर उपचुनाव होना था, लेकिन वहां के उपचुनाव पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि असम में 126 सीटों पर 722 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करने के लिए 31,940 मतदान केंद्र बनाए गए थे। केरलम की सभी 140 सीटों पर एक ही चरण में मतदान हुआ, जहां 883 उम्मीदवार मैदान में थे। पुडुचेरी के 9.50 लाख मतदाता भी आज 294 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में दर्ज किया। पुडुचेरी में सबसे ज्यादा 86.92 फीसदी लोगों ने वोट डाला। असम में 84.42 फीसदी और केरलम में 75.01 फीसदी वोट हुआ है। त्रिपुरा के धर्मनगर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मतदान गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।