गाजियाबाद (युग करवट)। डीएम रविन्द्र कुमार मांदड़ ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में जनसुनवाई करते हुए अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के सामने कई लोग जमीनों पर अवैध कब्जों की शिकायत लेकर पहुंचे थे। इसको लेकर डीएम ने जमीन से सम्बंधित मामलों के निस्तारण के लिए गठित पुलिस व राजस्व विभाग की टीम को मौके पर पहुंचकर शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा दिव्यांग, फैमिली आईडी आदि से सम्बंधित मामले भी डीएम की जनसुनवाई में पहुंचे। जिस पर उन्होंने सम्बंधित विभागों को नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम प्रशासन ज्योति मौर्य, एडीएम जे अंजुम बी, एडीएम एलए अविनाश, एडीएम सिटी विकास कश्यप आदि मौजूद रहे।