गाजियाबाद, हरदोई और कन्नौज से हुई संवाद सेतु की शुरुआत
गाजियाबाद (युग करवट)। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच संवाद को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की दिशा में संवाद सेतु व्यवस्था लागू की गयी है। यह व्यवस्था पायलट प्रॉजेक्ट के रूप में गाजियाबाद, हरदोई और कन्नौज जनपदों में शुरू हुई। समाज कल्याण राज्यमंत्री एवं गाजियाबाद के प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने ऑनलाइन तीनों जनपदों में संवाद सेतु का शुभारम्भ किया। उन्होनें सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि यह योजना सुचारु रूप से संचालित हो। इस अवसर पर गाजियाबाद जिले के साथ-साथ कन्नौज और हरदोई जिले के जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी इस मीटिंग से जुड़े। संवाद सेतु’ का मुख्य उद्देश्य यह है कि जब मंत्री या जनप्रतिनिधि किसी सरकारी कार्यालय में किसी अधिकारी से संपर्क करना चाहें, और किसी कारणवश अधिकारी का फोन नहीं उठता, तो एक विशेष नंबर 9217575500 पर कॉल दर्ज कराई जा सकती है, जिससे संवाद अधिकारी से संपर्क हो सके। इस नई व्यवस्था के अंतर्गत हर जनपद में जिला संपर्क एवं कमांड सेंटर स्थापित किया गया है। अगर किसी अधिकारी द्वारा जनप्रतिनिधि की कॉल 10 मिनट के भीतर रिसीव या कॉल बैक नहीं की जाती है, तो जनप्रतिनिधि कमांड सेंटर को सूचित कर सकेंगे। कमांड सेंटर संबंधित अधिकारी को तुरंत कॉल बैक के लिए निर्देशित करेगा और संवाद करेगा।यह व्यवस्था केवल कार्य दिवसों और कार्यालय समय में और सरकारी सीयूजी नंबरों पर लागू होगी।