नई दिल्ली (युग करवट)। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान हादसे में निधन के बाद राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। एनसीपी के सीनियर नेता प्रफुल्ल पटेल, सुनील तटकरे और छगन भुजबल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक आवास पर पहुंचकर मुलाकात की। पार्टी का अहम मकसद कैबिनेट में अजित पवार के पास रहे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी पकड़ बनाए रखना है। एनसीपी नेतृत्व जल्द ही मुख्यमंत्री को एक औपचारिक पत्र सौंपने वाला है, जिसमें मांग की जाएगी कि अजित पवार के पुराने विभाग- वित्त, राज्य उत्पाद शुल्क और खेल विभाग पूरी तरह से एनसीपी के कोटे में ही रखे जाएं। पार्टी का मानना है कि गठबंधन सरकार में शक्ति संतुलन बनाए रखने के लिए इन मंत्रालयों का एनसीपी के पास रहना जरूरी है। मुख्यमंत्री और गठबंधन सहयोगियों के बीच इन विभागों की कमान किसे सौंपी जाए, इसे लेकर गहन मंथन जारी है। अजित पवार के निधन से पैदा हुए खालीपन को भरने के लिए एनसीपी के दिग्गज नेताओं ने मुख्यमंत्री से लंबी चर्चा की।