युग करवट संवाददाता
गाजियाबाद। कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ रहे मामलों और संचारी संक्रमण को रोकने के लिए आज प्रदेश सरकार के निर्देश पर लॉकडाउन है। दस जुलाई रात 10 बजे से शुरू हुआ लॉकडाउन 13 जुलाई सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। प्रदेशव्यापी लॉकडाउन का व्यापक असर आज शहर में भी नजऱ आया। सुबह से ही शहर के सभी मुख्य बाजार बंद हैं, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के शटर डाउन हैं। उधर, लोगों को घरों में ही रोकने के लिए चौराहों पर पुलिस की व्यवस्था चाक चौबंद है। वाहनों की चैकिंग करने के बाद ही उन्हें गुजरने दिया जा रहा है। लॉकडाउन के दौरान स्वास्थय, चिकित्सा एवं आवश्यक सेवाओं को ही छूट दी गई है।
लॉकडाउन का व्यापाक असर आज सुबह से ही शहर में दिखाई देने लगा था। शहर की सड़कों पर वाहनों की आवाजाही कम ही दिखाई दी। वाहनों की भीड़भाड़ से व्यस्त रहने वाले मार्गों पर आज सुबह से ही सन्नाटा पसरा है। आवश्यक सेवाओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को ही सड़कों पर उतरने की इजाजत दी गई है। पुराना बस अड्डा फ्लाई ओवर पर आज सुबह से ही सन्नाटा पसरा हुआ है। चौराहे पर भी वाहनों की आवाजाही बेहद कम है। जटवाड़ा में प्रतिष्ठानों के शटर आज सुबह से ही नहीं उठाए गए हैं। फर्नीचर के सामान के लिए जाना जाने वाला बाबा रमतेराम रोड आज पूरी तरह से बंद है। कपड़ा कारोबार के लिए पहचान रखने वाला तुराबनगर बाजार आज पूरी तरह से बंद है। चौधरी मोड़ पर अक्सर ही वाहनों की आवाजाही रहती है। आज चौधरी मोड़ पर भी वाहन कम ही गुजर रहे हैं। यहां वाहनों की चेकिंग के लिए पुलिस ने बैरिकेटिंग लगाई हुई है। वाहनों की चेकिंग करने के बाद आवश्यक सेवाओं से संबंधित वाहनों को ही गुजरने दिया जा रहा है। घंटाघर पर भी पुलिस व्यवस्था चाक चौबंद है। यहां अनावश्यक कार्यों से से बाहर निकलने वाले लोगों को रोककर उन्हें वापस भेजा जा रहा है। रेलवे रोड और बजरिया में भी सुबह से ही पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। जीटी रोड पर सभी प्रतिष्ठान एवं मशीनरी मार्केट बंद हैं। सरकारी अस्पताल एमएमजी के पास स्थित मेडिकल स्टोर आज खुले हुए हैं।
हापुड़ तिराहे पर सीओ प्रथम राकेश मिश्रा और शहर कोतवाल विष्णु कौशिक की अगुवाई में पुलिस टीम आज सुबह से ही हापुड़ तिराहे पर चैकिंग कर रही है। गौरतलब है कि हापुड़ तिराहे से ही जीटी रोड और हापुड़ की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही रहती है। यहां अनावश्यक कार्यों से बाहर निकले लोगों को रोककर उन्हें वापस घरों में भेजा जा रहा है। चौपला मंदिर, दिल्ली गेट, डासना गेट के मुख्य बाजारों में भी आज प्रतिष्ठानों के शटर नहीं खोले गए हैं। बाजरों में पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। मालीवाड़ा में भी आज व्यापारिक प्रतिष्ठानों के शटर नहीं उठाए गए हैं। आरडीसी के सभी प्रतिष्ठान बंद हैं और सड़कों पर आवाजाही भी बेहद कम है।
खुली रही सब्जी मंडी
गाजियाबाद। पुराना बस अड्डे पर स्थित सब्जी और फल मंडी लॉकडाउन में शामिल नहीं हैं। रोज की तरह सब्जी मंडी आज सुबह से ही खुली नजऱ आई। यहां फल और सब्जी बेचने वाले विक्रेताओं ने सुबह ही अपने प्रतिष्ठान खोल लिए थे। हां, इस दौरान सब्जी और फल बेचने वाले आम दिनों की अपेक्षा कम ही नजऱ आ रहे थे। लोग आसानी से आवश्यक सब्जियों की खरीददारी करते हुए नजऱ आए।
किराने की दुकानें भी बंद
पूर्व में देखा गया था कि लॉकडाउन के दौरान किराने की दुकानें खोलने की छूट दी गई थी। आज लॉकडाउन का असर किराने की दुकानों पर भी दिखाई दिया। शहर के लगभग सभी बाजारों में अन्य दुकानों के साथ-साथ किराने की दुकानें भी लगभग बंद नजर आईं। मालीवाड़ा, जटवाड़ा, चौपला मंदिर, दिल्ली गेट और डासना गेट जैसे मुख्य बाजारों में भी किराने की दुकानें बंद दिखाई दीं।