नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। अखिल भारतीय त्यागी भूमिहार महासंघ गाजियाबाद ने भाजपा संगठन से गाजियाबाद नगर निगम के मेयर पद और मुरादनगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए त्यागी समाज को टिकट देने की मांग की है। महासंघ के जिलाध्यक्ष सुरेश त्यागी ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के १२ जिलों में त्यागी भूमिहार समाज के दस लाख वोटर हैं और गाजियाबाद में करीब ढाई लाख वोटर हैं। त्यागी भूमिहार समाज भाजपा का कोर वोटर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे में इस बार नगर निगम में मेयर पद के लिए त्यागी समाज के राजेन्द्र त्यागी को भाजपा प्रत्याशी घोषित करें, वह पिछले २७ सालों से पार्षद हैं। इसके अलावा मुरादनगर क्षेत्र में भी त्यागी समाज का अच्छा खासा वोटर है, इसलिए वहां के अध्यक्ष पद के लिए त्यागी समाज से उम्मीदवार घोषित किया जाए। साथ ही नगर निगम के दस अनराक्षित वार्डों में त्यागी समाज का उम्मीदवार रखा जाए। मास्टर ब्रह्मदत्त त्यागी ने कहा कि त्यागी समाज इस बार अपनी उपेक्षा सहन नहीं करेगा। खतौली में हुई भाजपा प्रत्याशी की हार समाज की अनदेखी का ही नतीजा था।
ऐसे में खतौली तो सिर्फ ट्रेलर था, लेकिन इस बार निकाय चुनाव में समाज की अनदेखी की गई तो परिणाम बेहतर नहीं होंगे। उन्होंने बताया कि ३१ दिसंबर को समाज के सभी संगठनों की एक बैठक फिर से इस मुद्दे को लेकर होने जा रही है कि समाज के लोगों को टिकट नहीं मिला तो आगे क्या रणनीति रहेगी। इस मौके पर विजेन्द्र त्यागी, एसपी त्यागी, प्रेमचंद त्यागी, आशाराम त्यागी, डॉ. पंकज राय, सुनील त्यागी, अजय त्यागी, राजीव त्यागी, नरवीन त्यागी, नीरज त्यागी, राजपाल त्यागी, भूषण त्यागी, विकास त्यागी आदि मौजूद रहे।