प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। जल्दी ही शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण का आगाज होने जा रहा है। 15 फरवरी के बाद गाजियाबाद में सर्वेक्षण की तारीख घोषित की जाएगी। संभावना है कि मार्च के पहले सप्ताह में स्वच्छ सर्वेक्षण शुरू होगा। इसके लिए नगर निगम प्रशासन ने तैयारी कर दी है। नगर निगम का निर्माण विभाग, हेल्थ विभाग, जलकल आदि विभाग तैयारी में जुट गए हैं। इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण 9500 अंकों का होगा। इससे पहले पिछले वर्ष यह सर्वेक्षण 7500 अंक का हुआ था। इस बार स्वच्छता के अलावा वॉटर प्लस, ओडीएम ट्रिपल प्लस भी शामिल होगा। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ का कहना है कि सर्वेक्षण को लेकर अब जल्दी ही सभी डिवाइडर और सडक़ें ठीक कराई जाएंगी। इसके अलावा आरओबी, फ्लाई ओवर व डिवाइडर पर रंगाई-पुताई कराई जाएगी। इसके लिए सभी अलग-अलग विभागों को कहा गया है। नगर आयुक्त ने बताया गाजियाबाद में सर्वेक्षण के लिए टीम कब आएगी इसके लिए तारीख 15 फरवरी को तय की जाएगी।
इस बार सामान्य सर्वेक्षण के भी कई कंपोनेट में बदलाव किया गया है। इसमें वॉटर प्लस, ओडीएफ ट्रिपल प्लस आदि भी शामिल हैं जिसके लिए अलग से दो हजार अंक मिलेंगे। नगर निगम का सबसे बड़ा फोकस अब सॉलिडवेस्ट मैनेजमेंट को लेकर है।