गाजियाबाद (युग करवट)। राष्ट्रीय लोकदल द्वारा चलाए जा रहे समरसता अभियान के तहत पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी का कार्यक्रम गाजियाबाद जनपद के लिए निर्धारित हो गया है। रालोद के प्रदेश प्रवक्ता चौधरी अजयवीर सिंह ने जानकारी दी है कि जयंत चौधरी 30 मई को मुरादनगर एवं 31 को मोदीनगर के ग्रामीण क्षेत्रों में किसानों के साथ रहेंगे। अजयवीर सिंह चौधरी ने बताया कि पार्टी के केंद्रीय कार्यालय सचिव समरपाल सिंह द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी का कार्यक्रम जारी किया गया है। कार्यक्रम के अनुसार 30 मई को वह सुबह 10 बजे मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के महरौली गांव पहुंचेंगे। उसके बाद गुलधर, खुरर्मपुर, भादोली, रेवड़ी-रेवड़ा, रावली, सुराना और नेकपुर गांव पहुंचेंगे। इसी क्रम में 31 मई को जयंत चौधरी का दौरा मोदीनगर विधानसभा में निर्धारित किया गया है। सुबह 11 बजे वे फरीदनगर पहुंचेंगे। उसके बाद तलहैटा, सीकरी खुर्द, डिडौली, सोंदा, सारा, सुहाना, सिंदौड़ा और फिर पतला गांवों में समरसता अभियान चलाएंगे। प्रदेश प्रवक्ता अजयवीर सिंह चौधरी एडवोकेट ने बताया कि समरसता अभियान का उद्देश्य ग्रामीणों को पार्टी से जोडऩा है। साथ ही जयंत चौधरी किसानों के साथ बैठकें कर उनकी समस्याओं को सुनेंगे और पार्टी की ओर से प्राथमिकता पर उनका समाधान कराया जाएगा।