गाजियाबाद (युग करवट)। शहर के पर्यावरण को और अच्छा बनाने के लिए नगर निगम शहरी एरिया के पार्कों को और हरा भरा बनाएगा। इसके लिए 29 करोड़ रुपये मंजूर हुए है। केन्द्र सरकार के पर्यावरण विभाग की और से यह पैसा नगर निगम को नए वित्तीय वर्ष में मिलेगा। यह पैसा केवल शहर की पर्यावरण की सेहत को और अच्छा बनाने के लिए दिया जाएगा। प्रदूषण को लेकर अब सरकार और आम आदमी चिंतित है। बढ़ते प्रदूषण को लेकर आम लोग इसकी सजा भी भुगत रहे है।
कई तरह की बीमारी केवल प्रदूषण को लेकर ही हो रही है। हाल ही में हुए एक सर्वे के दौरान पाया गया कि दुनिया में प्रदूषित 50 टॉप के शहरों में सबसे अधिक शहर भारत के है। ऐसे में अब जरूरी हो गया है कि महानगरों को प्रदूषण मुक्त किया जाए। इसके लिए ही अब केन्द्र और यूपी सरकार के अलावा नगर निगम गाजियाबाद भी गंभीर नजर आ रहा है। गत दिनों नगर निगम गाजियाबाद ने शहर के 200 पार्कों को हरा भरा बनाने की योजना पर कार्य किया था। 15 वें वित्तीय आयोग से मिली कई करोड़ की मोटी रकम इस पर खर्च की गई थी।
अब नगर निगम ने शहर के पार्क को और हरा भरा बनाने के लिए केन्द्रीय पर्यावरण विभाग से पैसे की मांग की थी। नगर आयुक्त नितिन गौड़ का कहना है कि इस मद में खर्च के लिए करीब 29 करोड़ रुपये मंजूर हुआ है। माना जा रहा है कि नए वित्तीय वर्ष यानी अप्रैल महीने में निगम को यह पैसा रिलीज हो सकता है।