गाजियाबाद (युग करवट)। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अजय राय 24 अगस्त को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के लखनऊ कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार संभालेंगे। उनके लखनऊ आगमन पर पार्टी की ओर से प्रदेश मुख्यालय में स्वागत समारोह रखा गया है। उधर, कांग्रेसियों ने भी लखनऊ पहुंचने की तैयारियां शुरू कर दी है। संभावना जताई जा रही है कि उत्तर प्रदेश के कोने-कोने से कांग्रेसियों का जमावाड़ा 24 तारीख को लखनऊ में होगा।
प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद 24 अगस्त को पहली बार अजय राय का लखनऊ आगमन हो रहा है। इस अवसर पर लखनऊ स्थत प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय में अजय राय के स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रदेश संगठन प्रशासन प्रभारी, महासचिव दिनेश कुमार सिंह की ओर से जारी पत्र में कांग्रेस कमेटी के सभी वर्तमान एवं पूर्व जिला एवं महानगर अध्यक्षों, वर्तमान एवं पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं वर्तमान एवं पूर्व विधायकों, सभी प्रकोष्ठों एवं विभागों के अध्यक्षों, लोकसभा एवं विधानसभा के प्रत्याशी रहे नेताओं को लखनऊ पहुंचने का न्यौता भेजा गया है। संभावना जाताई जा रही है कि नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में बड़ी संख्या में कांग्रेसी लखनऊ पहुंचेंगे। गाजिायबाद से भी सैंकड़ों कांग्रेसियों ने लखनऊ पहुंचने की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।