गाजियाबाद (युग करवट)। उत्तर प्रदेश स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर 10 फरवरी को गाजियाबाद नगर निगम में भी कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी। इस दौरान कर्मचारी कार्य का बहिष्कार रखेंगे। महासंघ के प्रदेश व्यापी आंदोलन के तहत यह कार्यक्रम होने जा रहा है। महासंघ के प्रदेश महामंत्री राकेश अग्निहोत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि महासंघ लंबे समय से नगर निकाय कर्मचारियों के हित में आंदोलन कर रहा है। कर्मचारियों के हित में कई मांगों को लेकर महासंघ लंबे समय से शासन स्तर पर अपने ज्ञापन दे रहा है। सात सितंबर और 21 दिसंबर 2022 को कई बार महासंघ की ओर से ज्ञापन दिया गया, मगर प्रदेश सरकार की ओर से कोई भी कार्रवाई नहीं की गई। अब महासंघ इन्हीं मांगों को लेकर बड़ा आंदोलन करने जा रहा है। 10 फरवरी को गाजियाबाद नगर निगम में भी कर्मचारियों की हड़ताल रहेगी। इसके लिए महासंघ की ओर से नगर निगम प्रशासन को अवगत करा दिया है।