११३ पदों पर एक भी महिला प्रत्याशी नहीं मैदान में
नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नगर ३निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है। ११ मई को जिले में दूसरे चरण का मतदान होना है। सभी प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्र में प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। बात करें अगर प्रत्याशियों की तो इस चुनाव में गाजियाबाद निगम महापौर के अलावा नगर पालिका व नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर छह सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित की गई हैं। बाकी की तीन सीटें पुरूषों के खाते में आई हैं। वार्ड पार्षद, सभासदों पर भी महिला सीट आरक्षित हैं। लेकिन अपनी उपस्थिति दिखाते हुए महिला प्रत्याशी सीधे तौर पर ५९ सीटों पर पुरूष प्रत्याशियों को चुनावी मैदान में टक्कर दे रही हैं।
जिले में नगर निकाय के कुल २९४ वार्ड हैं जिसमें नौ सीटें मेयर, अध्यक्ष पद की हैं और बाकी की २८५ सीटें पार्षद व सभासद की हैं। जिले में महापौर सीट महिला आरक्षित हैं जहां १२ प्रत्याशी मैदान में हैं। इसके अलावा नगर पालिका मुरादनगर, लोनी, खोडा मकनपुर, नगर पंचायत पतला और नगर पंचायत डासना अध्यक्ष पद की सीट भी महिला आरक्षित है। इन नौ में से महज एक सीट पर एक भी महिला प्रत्याशी नहीं है तो नगर पालिका मोदीनगर की अध्यक्ष सीट है बाकी की दो पुरूष आरक्षित सीट पर भी महिला प्रत्शाशी मैदान में हैं। २९४ में से १२२ सीटें महिला आरक्षित हैं। बाकी की सीटें अन्य वर्ग, सामान्य वर्ग के लिए आरक्षित हैं।
आंकडों को देखा जाए तो ११३ सीटें में से एक भी सीट पर कोई महिला प्रत्याशी मैदान में नहीं है लेकिन ५९ सीटों पर जरूर महिला पुरुषों को टक्कर देती नजर आ रही हैं। नगर पंचायत निवाडी के अध्यक्ष पद केलिए जहां आठ पुरूष प्रत्याशी मैदान में हैं तो वहीं तीन महिलाएं भी उन्हें चुनौती दे रही हैं। नगर पंचायत फरीदनगर के अध्यक्ष पद पर १९ पुरूष प्रत्याशी हैं तो यहां भी ३ महिला प्रत्याशियों ने नामांकन किया हैं। नगर पालिका मोदीनगर की सीट पर एक भी महिला प्रत्याशी ने नामांकन नहीं किया है।
किसी नगर निकाय में कितनी महिला प्रत्याशी मैदान में
निकाय नाम वार्ड महिला पुरूष
नगर निगम १०० ३१४ ३६५
मोदीनगर पालिका ३४ ९४ १३४
मुरादनगर पालिका २५ ६४ ६८
लोनी पालिका ५५ १५३ २१३
खोडा-मकनपुर ३४ ६६ ९२
निवाडी १० २१ ३२
पतला १० २७ १७
फरीदनगर ११ १६ ४४
डासना १५ ४२ ७४