प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। शहर में करीब ढ़ाई हजार स्ट्रीट लाइट नई लगाई जाएंगी। इन लाइटों की खरीद के लिए जल्दी ही नगर निगम वर्क ऑर्डर जारी करेगा। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने यह जानकारी दी।
दरअसल यह मामला कल नगर निगम प्रशासन द्वारा पार्षदों की बुलाई गई बैठक में उठा था। कई पार्षदों का कहना था कि शहर में स्ट्रीट लाइट का बुरा हाल है, जगह-जगह स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी हैं जिससे क्राइम की घटनाएं भी होती हैं। नगर निगम प्रशासन ने भी इसे गंभीरता से लिया। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने तत्काल इस पर फैसला लिया, उनका कहना है कि जल्दी ही 90 वॉट की नई स्ट्रीट लाइट की खरीद की जाएंगी। इसके लिए करीब दो करोड़ रुपया खर्च किया जाएगा, नगर निगम 2310 स्ट्रीट लाइट की खरीद करेगा।
नगर आयुक्त डॉ. गौड़ का कहना है कि शहर में पुरानी स्ट्रीट लाइट को ठीक कर लगाया जा रहा है। इस पर पार्षद हिमांशु मित्तल का कहना है कि जो स्ट्रीट लाइट ठीक कर लगाई जा रही हैं, वे कुछ समय के बाद ही खराब हो रही हैं। ऐसे में शहर में नई स्ट्रीट लाइट की खरीद कर उन्हें लगाया जाना चाहिए। इसके अलावा कई और पार्षदों ने भी यह मसला उठाया।
बीजेपी के निवर्तमान पार्षद राजेन्द्र त्यागी ने भी नगर आयुक्त से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक कराने, वॉटर सप्लाई सुधार और साफ सफाई पर विशेष ध्यान देने के लिए कहा है। इस पर नगर आयुक्त डॉ. गौड़ ने कहा कि पार्षदों ने जो बात उठाई है उन सब को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम करीब दो करोड़ रुपये की लागत से 2310 नई स्ट्रीट लाइट की खरीद करेगा जो 90 वॉट की होंगी। इन्हे मेन रोड पर अलग से लगाया जाएगा, वहां से जो लाइट उतारी जाएंगी उन्हें शहर के अन्य हिस्सों में लगाया जाएगा।