चंद्रयान-३ उतरने का स्थान बना शिवशक्ति प्वाइंट
नई दिल्ली (युग करवट)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को बेंगलुरु से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज जब मैं इसरो पहुंचा तो चंद्रयान द्वारा जो तस्वीरें ली गई थीं, उन्हें पहली बार रिलीज करने का सौभाग्य भी मिला। प्रधानमंत्री ने कहा कि चंद्रयान-3 के लैंडर ने जिस प्वाइंट पर चांद पर अपना कदम रखा था, उस प्वाइंट को शिव शक्ति के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि जब शिव की बात होती है तो हिमालय की याद आती है। वहीं, जब शक्ति की बात आती है कन्याकुमारी याद आता है।
पीएम मोदी ने कहा कि 40 साल तक भारत के किसी प्रधानमंत्री ने ग्रीस की यात्रा नहीं की थी, लेकिन मुझे वहां जाने का सौभाग्य मिला। ग्रीस भारत के लिए यूरोप का प्रवेश द्वार बनेगा। भारत और ग्रीस की दोस्ती आने वाले दिनों में और मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि 23 अगस्त को जब भारत ने चंद्रमा पर तिरंगा फहराया, उस दिन को अब नेशनल स्पेस डे के रूप में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि धरती मां है चंद्रमा मामा है। मतलब धरती माता चंदा मामा की बहन है। इस बार धरती माता चंदा मामा के साथ राखी का त्योहार मना रही हैं। पीएम मोदी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्व का भारत के प्रति जिज्ञासा, आकर्षण और विश्वास बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि हम सबके सामने तत्काल एक अवसर आने वाला है। खासकर दिल्ली वासियों के लिए । वह अवसर है-जी 20 शिखर सम्मेलन। इस मौके पर दुनिया भर के मेहमान यहां आने वाले हैं। जो सम्मान हम उन्हें देंगे, उससे हमारी साख बढ़ेगी। प्रधानमंत्री ने दिल्ली वासियों से जी20 शिखर सम्मेलन के दौरान आने वाली असुविधाओं के लिए माफी मांगी। उन्होंने कहा कि यह जी 20 समिट बड़ा अवसर है। हमारी कोशिश होने चाहिए कि जी20 समिट शानदार हो। जेपी नड्डा ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि चंद्रयान-3 की सफलता पर पूरे देश को गर्व है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत ने ब्रिक्स में अपना स्थान बनाया ही है, दुनिया को निर्देशित भी किया है। ग्रीस में भी प्रधानमंत्री ने भारत को गौरवान्वित करने का काम किया। इससे पहले, पीएम मोदी ने इसरो के प्रमुख एस सोमनाथ से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भारत का सामथ्र्य दुनिया देख रही है।