नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। लगातार बारिश और नदियों में बाढ का असर अब दिखने लगा है। यमुना की सहायक नदियों में एक मानी जाने वाली हिंडन नदी में भी अब पानी का स्तर बढने लगा है। यमुना नदी में तीन लाख क्यूसेक पानी हथिनी कुंड बैराज से छोडा जा चुका है जिसमें से एक लाख क्यूसेक पहले छोडा गया था। इसपानी के आने से यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच जाएंगी। इसका असर हिंडन नदी पर भी दिखाई देने लगा है। हालांकि हिंडन नदी का जलस्तर अभी अधिक नहीं बढा है लेकिन जिस तरह से जल स्तर बढ रहा है और पानी आ रहा है उससे आशंका व्यक्त की जा रही है कि अभी और नदी में पानी आएगा। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से सम्बंधित विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि स्थिति पर नजर रखें। ताकि समय रहते स्थिति पर नियंत्रण किया जा सके। आम दिनों में सूखी रहने वाली हिंडन नदी में इस समय काफी मात्रा में पानी है, पानी का फ्लो भी अधिक मात्रा में हैं। हालांकि स्थिति अभी नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन ने लोनी में दो, मोदीनगर और सदर में एक-एक बाढ़ चौकी को सक्रिय कर दिया है। एडीएम प्रशासन विवेक श्रीवास्तव ने बाढ़ चौकियों का निरीक्षण किया।