नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। यशोदा अस्पताल ने क्षेत्रवासियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अब वसुंधरा में यशोदा हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट शुरू किया है। मेडिकल सिटी कहे जाने वाले इस संस्थान का शुभारंभ मुख्य अतिथि सूचना एवं प्रसारण, युवा कार्यक्रम, खेल केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और सडक़ परिवहन राजमार्ग एवं नागरिक उड्डयन केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने किया।
यशोदा अस्पताल के प्रबंध निदेशक डॉ. रजत अरोरा ने बुके देकर मुख्य अतिथि व विशिष्टï अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार की प्राथमिकता है कि 140 करोड़ भारत वासियों को स्वास्थ्य की सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गाजियाबाद और आसपास के क्षेत्रों में यशोदा अस्पताल अपनी सेवाओं के माध्यम से इस लक्ष्य को पूरा कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुझे भरोसा है वसुंधरा में यशोदा अस्पताल एवं कैंसर इंस्टिट्यूट के शुरू हो जाने पर ना सिर्फ साहिबाबाद, गाजियाबाद और पश्चिम उत्तर प्रदेश, बल्कि दिल्ली एनसीआर के मरीजों और खासतौर पर यमुनापार क्षेत्र के मरीजों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि हम सभी जानते हैं कि भारत युवाओं का देश है। भारतीय युवा जहां खेलों में विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में तिरंगा लहरा रहे हैं, वहीं आईटी और विज्ञान के क्षेत्र में भी नए-नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं। ऐसे में सरकार के साथ-साथ समाज के सभी वर्गों का दायित्व बनता है कि वे सभी उपाय किए जाएं जिससे युवा शक्तिस्वस्थ रहे। हमारे युवा स्वस्थ रहेंगे तो देश का भविष्य स्वस्थ होगा, सुंदर होगा और मजबूत होगा।
यशोदा अस्पताल जैसे संस्थान इस क्षेत्र में सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे हैं। वहीं केन्द्रीय राज्यमंत्री वीके सिंह ने कहा कि यशोदा अस्पताल दिल्ली एनसीआर के इस महत्वपूर्ण शहर गाजियाबाद में जहां स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, वहीं दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में भी समय-समय पर मेडिकल कैंप लगाकर लोगों को लाभ पहुंचा रहा है। भूकंप आदि प्राकृतिक दुर्घटनाओं के बाद कई स्थान पर यशोदा अस्पताल की तरफ से स्वास्थ संबंधी सहायता पहुंचाई जाती रही हैं।
यशोदा अस्पताल की वाइस चेयरमैन डॉ. शशि अरोड़ा ने अस्पताल की सुविधाओं व मरीजों को मिलने वाले उन्नत इलाज की जानकारी दी। यशोदा अस्पताल समूह के अध्यक्ष डॉ. दिनेश अरोरा, रजत अरोड़ा ने सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार, कवि राज कौशिक ने किया। अंत में यशोदा कैंसर सेंटर के डायरेक्टर डॉ. ब्रिगेडियर अरविंद कुमार त्यागी ने सभी का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर दूधेश्वरनाथ मंदिर के महंत नारायण गिरि, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, विधायक अतुल गर्ग, विधायक सुनील शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक नंदकिशोर गुर्जर, पूर्व महापौर आशा शर्मा, विधायक डॉ. मंजू सिवाच, एमएलसी दिनेश गोयल, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा, महिला महानगर अध्यक्ष पूनम कौशिक, अस्पताल की निदेशक डॉ. गौरी अग्रवाल, अतुल जैन, अनिल सांवरिया आदि गणमान्य लोग मौजूद रहे।