नोएडा (युग करवट)। पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय) सुनीति ने बताया कि थाना बादलपुर क्षेत्र के बृज विहार कॉलोनी छपरौला में रहने वाली एक महिला सोनी की 4 दिन पूर्व ताबड़तोड़ गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना में शामिल दो बदमाश सचिन तथा उमेश उर्फ कल्लू यादव को थाना बादलपुर पुलिस ने आज गिरफ्तार किया। डीसीपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतका सोनी की सास गीता ने बदमाशों को एक लाख रुपए की सुपारी देकर उसकी हत्या करवाई थी। मृतका की पूर्व में विनोद नामक व्यक्ति से शादी हुई थी। वह उसे छोडक़र आरोपी श्रीमती गीता के बेटे मौसम के साथ रह रही थी। इस बात से गीता काफी परेशान थी। उसे सोनी के चरित्र पर काफी शक था। उसने अपने बेटे और बहू को मनाने का प्रयास किया, लेकिन दोनों नहीं माने। इसके बाद महिला ने सुपारी देकर हत्या करवाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि आरोपी महिला फरार है।