गाजियाबाद (युग करवट)। समाजवादी पार्टी में भी नगर निगम के 100 वार्डों में प्रत्याशी उतारने और महापौर पद पर मजबूत महिला प्रत्याशी के चयन की प्रक्रिया को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार समाजवादी पार्टी की ओर से महापौर पद पर उम्मीदवार के चयन के लिए पैनल बनाकर प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल को भेज दिया गया है। महापौर का टिकट घोषित किए जाने के लिए हाईकमान के इशारे का इंतजार है। पार्टी के सूत्रों की माने तो समाजवादी पार्टी की नेत्री राजदेवी चौधरी का नाम हाईकमान को भेजे गए पैनल में है। हाईकमान को भेजे गए पैनल में नीलम गर्ग का नाम भी मजबूत बताया जा रहा है। नीलम गर्ग समाजवादी पार्टी के नेता पटेल नगर सेंकेंड निवासी परमानंद गर्ग की पत्नी हैं। पीएन गर्ग पेशे से कॉलेज संचालक हैं। वैश्य बिरादरी में उनकी अच्छी खासी पैठ बताई जाती है। पैनल में तीसरा नाम समाजवादी पार्टी की महिला नेत्री नीलम श्रीवास्तव का बताया जा रहा है। नीलम श्रीवास्तव लंबे अरसे से पार्टी से जुड़ी हुई हैं। पार्टी के कार्यक्रमों में वे बढ़चढक़र हिस्सा लेती हैं। समाजवादी पार्टी में वे महिला सभा की उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं और पेशे से एडवोकेट हैं।
सपा सभी वार्डों में तैयार, तय किये गये 50 उम्मीदवार
गाजियाबाद (युग करवट)। समाजवादी पार्टी के निवर्तमान महानगर अध्यक्ष राहुल चौधरी का कहना है कि समाजवादी पार्टी इस बार मजबूती के साथ नगर निगम चुनाव में उतरेगी। महापौर की सीट के साथ-साथ पार्टी महानगर के सभी वार्डों में मजबूती के साथ उतरने के लिए पूरी तरह से तैयार है। राहुल चौधरी ने बताया कि लगभग 50 वार्डों पर उम्मीदवारों के नाम तय किए जा चुके हैं। बाकी बचे वार्डों पर पार्षद पद के उम्मीदवरों के चयन के लिए पक्रिया चल रही है। निवर्तमान महानगर अध्यक्ष ने दावा किया है कि आगामी दो दिन के अंदर सभी वार्डों में कैंडिडेट तैयार कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा है कि पार्टी महापौर सीट पर और वार्डों में पार्षद पद पर जिन उम्मीदवारों के नाम तय करेगी, सभी नेता और कार्यकर्ता मिलकर उसे मजबूती के साथ चुनाव लड़ाएंगे।