नगर संवाददाता
लखनऊ (युग करवट)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों समेत अन्य अधिकारियों को आम जनमानस की समस्या को अपनी प्राथमिकता में शामिल करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि जनता की समस्या के समाधान में हीलाहवाली करने वाले अधिकारियों को किसी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को समय से अपने ऑफिस पहुंचकर जनता की समस्याएं सुनने के निर्देश दिये और प्राथमिकता के आधार पर उसका निस्तारण करने को कहा। उनकी हर समस्या का समयबद्ध तरीके से निस्तारण कर हर संभव मदद की जाए। जनता दर्शन में ज्यादातर मामले अवैध कब्जे, आपसी संपत्ति विवाद, आपसी विवाद, परिवारिक कलह, पैमाइश और इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार को लेकर आए। जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 500 से अधिक फरियादियों की समस्याएं सीएम योगी ने सुनी। जनता दर्शन में कुछ लोगों की रोजगार संबंधी समस्या पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक भरोसा देते हुए अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।