गाजियाबाद (युग करवट)। समाजवादी पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव बुधवार को समाजवादी की महापौर प्रत्याशी पूनम यादव के पति सिकंदर यादव के आवास पर पहुंचे थे। अखिलेश यादव के आगमन पर वहां भारी अव्यवस्थाओं का बोलबाला रहा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने आए कार्यकर्ताओं के हिस्से में धक्कामुक्की आई। अब पार्टी के कार्यकर्ता संगठन में महत्वपूर्ण पदों पर बैठे पदाधिकारियों के फोन नंबर ब्लॉक करके अपने गुस्से का इजहार कर रहे हैं। दरअसल, अखिलेश यादव के सिकंदर यादव के नेहरूनगर स्थित आवास पर पहुंचने के लिए सुबह साढ़े दस बजे का समय निर्धारित किया गया था। सुबह साढ़े 9 बजे से ही यह मैसेज फ्लैश कर दिया गया था कि पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव सिकंदर यादव के आवास पर पहुंच रहे है, लिहाजा कार्यकर्ता भी वहां पहुंचे। अखिलेश यादव के वहां पहुंचने की सूचना पर कार्यकर्ताओं का जमावाड़ा सिकंदर यादव के नेहरूनगर स्थित आवास पर लग गया। अखिलेश यादव लगभग 12 बजे नेहरु नगर पहुंचे तो वहां अफरा तफरी मच गई। कई कार्यकर्ताओं को धक्का मुक्की का सामना करना पड़ा। यहां तक कि कई कार्यकर्ता अखिलेश यादव से मिलकर कुछ कहना चाहते थे, लेकिन वे उनके पास तक भी नहीं पहुंच पाए। आज एक पदाधिकारी ने बताया कि कल जो हुआ उसे लेकर पार्टी के कई पदाधिकारियों में समाजवादी पार्टी संगठन को लेकर गुस्सा और नाराजगी है। इस गुस्से का इजहार पार्टी के पदाधिकारी अपने ही तरीके से कर रहे हैं। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने संगठन संचालित करने वालों के फोन नंबर ब्लॉक कर दिए हैं।