भाजपा में महानगर अध्यक्ष बदले जाने की चर्चा तेज
आशित त्यागी
गाजियाबाद (युग करवट)। भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष पद पर बदलाव होना अब लगभग निश्चित हो गया है। यह भी चर्चा है कि नया अध्यक्ष त्यागी, ब्राह्मïण या फिर पंजाबी समाज से हो सकता है। यहां यह भी बताना महत्वपूर्ण है कि भाजपा के जनप्रतिनिधि अलग अलग नाम के लिए लॉबिंग कर रहे हैं। पहले चर्चा थी कि जुलाई के प्रथम सप्ताह में नए अध्यक्ष बनाए जा सकते हैं। मगर जनसंपर्क अभियान के बढ़ाए जाने से अभी बदलाव की प्रक्रिया रोक दी गई है। भाजपा के सूत्रों की मानें तो गाजियाबाद में अध्यक्ष का रिपीट होना संभव नहीं है। फिलहाल महनगर अध्यक्ष की दौड़ में केके शुक्ला, अशोक मोंगा, अजय शर्मा, मयंक गोयल, राजेश त्यागी, अश्वनी शर्मा, योगेश त्रिपाठी का नाम प्रमुख रूप से लिया जा रहा है। केके शुक्ला की पैरवी एक मजबूत राजनीतिक घराने से हो रही है। बताया जा रहा है कि अजय शर्मा की पैरवी पूर्व मंत्री के खेमे से हो रही है। अश्वनी शर्मा और योगेश त्रिपाठी संगठन के अपने अनुभव के आधार पर जमे हुए हैं। अशोक मोंगा अपनी पहुंच की वजह से दौड़ में बने हुए हैं। राजेश त्यागी को लखनऊ से आशीर्वाद प्राप्त है। मयंक गोयल अपने संबंधों से मजबूत बने हुए हैं। आज की बात करें तो केके शुक्ला और अजय शर्मा में मुकाबला कड़ा हो चला है। बाकि दो चार दिन में स्थिति साफ होने की उम्मीद है।