यूथ कांग्रेस चुनाव में पेचीदा हुआ मेंबरशिप करना
गाजियाबाद (युग करवट)। यूथ कांग्रेस में संगठनात्मक चुनाव की प्रक्रिया चल रही है। चुनाव में मेंबर बनाने के साथ-साथ ऑनलाइन वोटिंग भी जारी है। चुनाव में एक्टिव मेंबर ही ऑनलाइन वोटिंग कर पाएगा। हालांकि, इसके लिए प्रक्रिया को पेचीदा बना दिया गया है। एक्टिव मेंबर को वोट डालने का अधिकार तभी मिल पाएगा जब वो पांच प्राईमरी मेंबर बना लेगा। वैस्ट यूपी में अभी तक यूथ कांग्रेस चुनाव के लिए अभी तक 12,774 मेंबर ही बन पाए हैं। इसमें से मात्र 1192 पेड एक्टिव मेंबर ही आज सुबह तक बनाए जा सके थे।
दरअसल, समूचे उत्तर प्रदेश में चार पदों के लिए यूथ कांग्रेस के चुनाव कराए जा रहे हैं। इसमें प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश कमेटी में महासचिव, जिलाध्यक्ष और विधानसभा अध्यक्षों के चुनाव होना है। चुनाव में एक मतदाता यानि डेलीगेट चारों पदों के लिए वोट डाल पाएगा। चुनाव के लिए डेलिगेट या एक्टिव मेंबर बनने के लिए भी प्रक्रिया आसान नहीं है। इसके लिए मेंबरशिप करनी होगी, जाकि पूरे प्रदेश में ऑनलाइन जारी है। वोट डालने का अधिकार प्राप्त करने के लिए सिर्फ मेंबर बनने से काम नहीं होगा। इसके लिए एक्टिव मेंबर बनना जरूरी है। एक्टिव मेंबर तभी बन पाएगा जब मतदाता अपने लिए पांच प्राईमरी मेंबर बना पाए। एक्टिव मेंबर बनत ही मतदान करने का अधिकार भी प्राप्त हो जाएगा। जोनज रिटर्निंग ऑफिसर अशद आलम ने बताया कि मेंबर बनाने और वोट डालने की प्रक्रिया 10 अक्टूबर से चालू है जो 8 नवंबर तक चलेगी। इस अभियान में युवा जोरशोर से हिस्सा ले रहे हैं। कुल 528 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।