राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा संस्करणवरिष्ठ संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण से उत्साहित कांग्रेस ने दूसरे संस्करण की पटकथा तैयार कर ली है। पहले चरण में तात्र तीन दिन यूपी से गुजरी भारत जोड़ो यात्रा का फोकस इस बार वैस्ट यूपी हो सकता है। वेस्ट यूपी के जरिए राहुल गांधी यहां की 27 लोकसभा सीटों पर फोकस कर सकते हैं। संभावना जताई जा रही है कि भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे संस्करण में राहुल गांधी के साथ सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव और रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी भी नजर आ सकते हैं। परिस्थितियां सामान्य रहीं तो भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण की शुरूआत 15 अगस्त यानि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर की जा सकती है। काबलेगौर है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का पहला चरण 7 सितंबर 2022 को प्रारंभ हुआ था। राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की शुरूआत कन्याकुमारी से की थी और समापन जम्मू के लाल चौक पर किया था।
भारत जोड़ो यात्रा पहले चरण में 136 दिन चली थी। उत्तर प्रदेश की बात की जाए तो भारत जोड़ो यात्रा को लेकर यहां खासा उत्साह था लेकिन मात्र राहुल गांधी ने मात्र 3 दिन यहां दिए थे। भारत जोड़ो यात्रा लोनी में 3 जनवरी 2023 को पहुंची थी और शामली ओर बागपत होते हुए हरियाणा में प्रवेश कर गई थी। लोनी में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेसी ही नहीं वहां की जनता में भी भारी उत्साह देखने को मिला था। सूत्रों के अनुसार अब जल्द ही भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा संस्करण आरंभ किया जा सकता है। पार्टी के सूत्रों के अनुसार लोकसभा चुनाव से पूर्व भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण की तैयारी कांग्रेस में हो चुकी है। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा दूसरे चरण में गुजरात के पोरबंदर से शुरू हो सकती है। बताया जा रहा है कि पहले चरण में मात्र तीन दिन उत्तर प्रदेश में रही भारत जोड़ो यात्रा का रूप इस बार यूपी में ज्यादा होगा। यात्रा का खास फोकस वैस्ट यूपी होगा। माना जा रहा है कि उत्तर प्रदेश में लगभग एक महीने तक भारत जोड़ो यात्रा रहेगी। इस दौरान वैस्ट यूपी के 27 जनपदों को कवर करने की तैयारी पार्टी में चल रही हैं।
यहां यह भी बताते चलें कि भारत जोड़ो यात्रा के पहले चरण में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव एवं रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी को भी इसमें शामिल होने का न्यौता दिया गया था। दोनों की नेता राजनीतिक कारणों के कारण भारत जोड़ो यात्रा में शामिल नहीं हुए थे। बैंगलुरु में हुई विपक्षी दलों की बैठक में राहुल गांधी के साथ अखिलेश और जयंत चौधरी की बांडिंग अच्छी खासी नजर आई। कयास लगाए जा रहे हैं कि तीनों दल लोकसभा चुनाव में भी साथ खड़े नजर आएंगे। सूत्रों के अनुसार तीनों दलों के बीच लोकसभा चुनाव में सीट बंटवारे में भी कोई मतभेद नहीं होगा। इस लिहाज से माना जा रहा है कि भारत जोड़ो यात्रा में इस बार राहुल गांधी को अखिलेश यादव और जयंत चौधरी का साथ भी मिलेगा।
तीनों नेता साथ चलेंगे तो वैस्ट यूपी में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सियासी समीकरण साधना भी आसान हो जाएगा। भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे चरण में जब राहुल गांधी वैस्ट यूपी से गुजरेंगे तो प्रियंका गांधी भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलती हुई नजर आएंगी। कांग्रेस के सूत्रों की माने तो राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे संस्करण को सफल बनाने के लिए अंदरखाने तैयारियों को अमली जामा पहनाया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार अखिलेश यादव और जयंत चौधरी से भी इस विषय में बात कर ली गई है।
भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे संस्करण के कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह संयोजक रहेंगे। पार्टी भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे संस्करण का रूट फाइनल करने के बाद जल्द ही इसकी विधिवत घोषणा भी करेगी। पश्चिमी यूपी के से जुड़े कांग्रेस के संगठन को इसे सफल बनाने की जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी।