युग करवट
गाजियाबाद (आशित त्यागी)। पिछले सप्ताह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गाजियाबाद के वसुंधरा आए थे। तब उन्होनें गाजियाबाद के जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की थी। तब यह भी चर्चा में आया था कि खोड़ा और लोनी नगर पालिका को गाजियाबाद नगर निगम में शामिल करने की बात हुई है। इसका सच यह है कि मुख्यमंत्री चाहते हैं कि गाजियाबाद को दिल्ली नगर निगम की तर्ज पर महानगर पलिका बना दिया जाए। जिस तरह दिल्ली नगर निगम को दुनिया का सबसे बड़ा स्थानीय निकाय माना जाता है। दिल्ली में 250 वार्ड हैं, यह नौ जिलों तक फैली हुई है, इसमें एक करोड़ से ऊपर नागरिक रह रहे हैं। इसी एमसीडी की तर्ज पर गाजियाबाद नगर निगम, खोड़ा, लोनी, मुरादनगर का संयोजन करके एक वृहद महानगर पालिका परिषद गठन की सोच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की है। गाजियाबाद के सांसद और केन्द्रीय मंत्री वीके सिंह ने सीएम के इस विचार का समर्थन किया है। उनका कहना है कि यदि ऐसा हो जाता है तो गाजियबाद, खोड़ा, लोनी और मुरादनगर नगर पालिका क्षेत्रों का विकास और अधिक हो जाएगा।