गाजियाबाद (युग करवट)। सांसद एवं केंद्रीय सडक़ परिवहन राजमार्ग एवं नागर विमानन राज्यमंत्री वीके सिंह के माध्यम से पूरे संसदीय क्षेत्र और खासकर लोनी विधानसभा क्षेत्र के लोगों को यह बताते हुए बेहद गर्व हो रहा है कि लंबे अरसे से उठ रही केंद्रीय विद्यालय की मांग का अब समाधान होने जा रहा है।
बहुत ही जल्द गाजियाबाद के लोनी विधानसभा क्षेत्र के तहसील लोनी के ग्राम सादुल्लाबाद परगना के खसरा संख्या 312 बंजर भूमि रकबा 2.668 हेक्टेयर में 2.000 खाली रकबा है, उसको केंद्रीय विद्यालय के लिए चयनित किया गया है। जिसमें जल्द ही केंद्रीय विद्यालय का निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। इसका लाभ गाजियाबाद के तमाम बच्चों को होगा। गाजियाबाद में शिक्षा के आयामों को गति मिलेगी।
इस कार्य का पूरा श्रेय सांसद जनरल डॉक्टर वीके सिंह को जाता है। उनके अथक प्रयासों के बाद राज्य सरकार से केंद्रीय विद्यालय के लिए जमीन प्राप्त हुई। सांसद वीके सिंह बीते कई वर्षों से गाजियाबाद में केंद्रीय विद्यालय के लिए प्रयासरत थे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी इस संबंध में वार्ता की थी। अब राज्य सरकार ने इस विद्यालय के लिए जमीन दे दी है और इसका पूरा ब्यौरा तैयार होकर केंद्रीय विद्यालय संगठन को भेजा गया है। गाजियाबाद संसदीय क्षेत्र के लिए यह एक सपना सच होने जैसा है जो जल्द ही निर्माण के रूप में गाजियाबाद को समर्पित होगा।