दिल्ली में जी-२० सम्मेलन का हुआ भव्य आगाज
नई दिल्ली (युग करवट)। राष्ट्रीय राजधानी आज और कल जी20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है, जिसकी शुरुआत हो चुकी है। प्रगति मैदान के भारतीय मंडपम में इस बैठक का आयोजन किया गया है। इस सम्मेलन में पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी विश्व नेताओं का स्वागत किया। उन्होंने इस दौरान कई बड़ी बातों का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अंतरराष्ट्रीय समुदाय से वैश्विक विश्वास की कमी को निर्भरता में बदलने का आह्वान किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अब दुनिया को एक साथ मिलकर चलने का समय आ गया है। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, वैश्विक अर्थव्यवस्था में उथल-पुथल हो, उत्तर और दक्षिण का विभाजन हो, पूर्व और पश्चिम की दूरी हो, खाद्य पदार्थ, ईंधन और उर्वरक का मैनेजमेंट हो, आतंकवाद और साइबर सिक्योरिटी हो, स्वास्थ्य, ऊर्जा एवं जल सुरक्षा हो, वर्तमान के साथ ही आने वाली पीढिय़ों के लिए हमें इन चुनौतियों के ठोस समाधान की तरफ बढऩा ही होगा।
जी20 समिट में भारत अमेरिका सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के बीच इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी बहुत बड़ी डील होने वाली हैं। यह डील रेलवे और बंदरगाहों से सबंधित होगी। इस डील से क्षेत्र के निम्न और मध्यम आय वाले देशों को बेहद लाभ पहुंचेगा। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जॉन फाइनर ने कहा इन प्रमुख क्षेत्रों को जोडऩा एक बहुत बड़ा अवसर है। मध्य पूर्व और दक्षिण एशिया को जोडऩे वाले एक बहुराष्ट्रीय रेल और बंदरगाह सौदे की घोषणा की जाएगी।
मोदी ने हाथ पकड़ कर बाइडन को दिखाया कोर्णाक चक्र
नई दिल्ली। जी-20 सम्मेलन में स्वागत कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बीच एक बार फिर गजब की जुगलबंदी देखने को मिली। पीएम ने जैसे ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन का हाथ मिलाकर स्वागत किया, दोनों काफी खुश दिखे। पीएम इसके बाद बाइडन का हाथ पकडक़र मुड़े और उन्होंने पीछे लगे कोणार्क चक्र का चित्र दिखाया। प्रधानमंत्री इसके बाद बाइडन को कोणार्क चक्र के बारे में समझाते दिखे। मोदी इसके गोल आकार पर इशारा करते हुए अंदर की तीलियों के बारे में बताते दिखे।
अफ्रीकी यूनियन की सदस्यता का ऐलान
जी-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले अफ्रीकी यूनियन की सदस्यता का ऐलान किया। दक्षिण अफ्रीकी के शामिल होने के बाद जी20, यूरोपियन संघ के बाद देशों का दूसरा सबसे बड़ा समूह बन गया है। उम्मीद है कि अफ्रीकी यूनियन के शामिल होने के बाद जी20 अब जी21 बन सकता है। इसके बाद कोमोरोस संघ के अध्यक्ष और अफ्रीकी संघ के अध्यक्ष, अजाली असौमानी ने संघ के रूप में अपनी सीट ली और जी-20 के स्थायी सदस्य बन गए।