नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। शहर के लोगों के लिए इसे और अधिक खुशनुमा कर गए प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना। दरअसल शहर के लोगों ने पहली बार इतने वरिष्ठ नेता को मंच पर स्वरचित गीतों को गाते देखा था।
मौका था विधायक अतुल गर्ग के आवास पर हुई एक शानदार काव्य गोष्ठी का। कवियों और शायरों के साथ सुरेश खन्ना ने भी अपनी एक दर्जन से अधिक कविताएं और गीत सुनाए। मशहूर शायर विजेंद्र सिंह परवाज़ और मासूम गाजियाबादी की रचनाएं तो लगभग डेढ़ घंटे तक सुनी गईं। शहर के विधायक और पूर्व मंत्री अतुल गर्ग अपने काव्य प्रेम के लिए भी जाने जाते हैं। उन्हें यह गुण अपने पिता और पूर्व महापौर स्वर्गीय दिनेश चंद्र गर्ग से मिला है। कार्यक्रम की शुरूआत सुविख्यात कवि स्वर्गीय कुंवर बैचेन की पुत्री वंदना कुंवर ने अपनी गजलों से की। अनुभव शुक्ला ने अपने गीतों से महफिल को गांवों से जोड़ा। दीप्ति शिखा ने ब्रज भाषा में रचित अपने गीत तो सुनाए। एनएसजी के पूर्व कमांडो रजनीश त्यागी गोष्ठी का विशेष आकर्षण रहे। मशहूर शायर राज कौशिक ने भी अपने अनेक शेर सुनाए और जम कर वाहवाही लूटी। गोष्ठी का संचालन कर रहे वरिष्ठ पत्रकार रवि अरोड़ा ने भी अपनी कविता का सुंदर चित्रण किया। मासूम गाजियाबादी नें देर तक रचना पाठ किया। जाने माने शायर विजेंद्र सिंह परवाज़ महफिल के केन्द्र रहे। गोष्ठी के मुख्य अतिथि वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने सस्वर अपने गीत सुना कर सबको अचंभित कर दिया। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री बालेश्वर त्यागी, पूर्व महापौर आशु वर्मा, बलदेव राज शर्मा, पृथ्वी सिंह कसाना, ललित जायसवाल, युग करवट के प्रधान संपादक सलामत मियां समेत शहर के दर्जनों सुपरिचित चेहरे मौजूद रहे।