युग करवट ब्यूरो
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा सत्र शुरू होने से पहले लखनऊ में राज्य विधानसभा के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सपा विधायक शिवपाल सिंह यादव के नेतृत्व में धरने पर बैठ गए हैं। विधानसभा मार्शल ने मीडिया को हटने के लिए कहा गया। मीडिया को कवरेज करने से रोका गया। अखिलेश यादव भी विधानसभा पहुंचे। विधानसभा के बाहर सपा विधायक तख्तियां लेकर धरने पर बैठे रहे। भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। आज से यूपी विधानसभा का बजट सत्र शुरू हुआ। पहले दिन राज्यपाल आनंदीबेन पटेल विधानसभा के मंडप में विधानमंडल के दोनों सत्रों को संयुक्त रूप से संबोधित करते हुए अभिभाषण पेश किया। योगी सरकार का वित्तीय वर्ष 2023-24 का बजट 22 फरवरी को विधानमंडल के दोनों सदनों में पेश किया जाएगा। कार्यमंत्रणा समिति की बैठक में आज से शुरू हो रहा विधानमंडल का बजट सत्र को 6 मार्च तक संचालित करने की मंजूरी दी गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि शनिवार को भी सत्र संचालित किया जाएगा। राज्यपाल के अभिभाषण के बीच सपा के विधायक वैल में आए। राज्यपाल वापस जाओ के नारे लगा रहे हैं। हंगामा करते हुए नारे लगा रहे है कि संविधान विरोधी सरकार नहीं चलेगी, ये जनता का पैसा खाते है घपलेबाज सरकार चलाते हैं। हालांकि, इस दौरान हंगामे के बीच राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अपना अभिभाषण पूरा किया।