लखनऊ (युग करवट)। भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी की आज बैठक हुई। बैठक में नए पदाधिकारियों का परिचय कराया गया। इसके बाद आगामी स्थानीय निकाय चुनाव को लेकर चर्चा की गई। अभी दो दिन पहले ही भाजपा ने उत्तर प्रदेश की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित की थी। इसके साथ ही क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई थी। आज लखनऊ में प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कार्यकारिणी की बैठक बुलाई। बैठक में प्रदेश के सभी पदाधिकारियों के साथ क्षेत्रीय अध्यक्ष भी शामिल हुए। इसमें सभी पदाधिकारियों का आपस में परिचय कराया गया। उसके बाद निकाय चुनाव की तैयारी पर चर्चा की गई। बैठक में मोर्चों के अध्यक्षों की नियुक्ति पर भी विचार किया गया। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष ने निकाय चुनाव को लेकर सभी आवश्यक तैयारी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश के सभी पदाधिकारी बूथ तक जिम्मेदारी संभालेंगे। मोर्चों में जल्द ही नई नियुक्ति के संकेत दिए गए हैं।