वरिष्ठ संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के प्रचार प्रसार के लिए कांग्रेस में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान 26 मार्च तक निरंतर चलेगा।
अभियान की प्रगति के लिए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बृजलाल खाबरी से जिला एवं महानगर अध्यक्षों से रिपोर्ट तलब की है। इस संदर्भ में उन्होंने 24 मार्च को कांग्रेस अध्यक्षों को लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय बुलाया है।
दरअसल, हाथ से हाथ जोड़ो अभियान भारत जोड़ो यात्रा के विस्तार के रूप में था। इसमें ब्लॉक स्तर पर पदयात्राओं का आयोजन, बैठकें, गांवों में नुक्कड़ सभाएं, डोर टू डोर संपर्क कर राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में लोगों को जानकारी देनी थी। साथ ही राहुल गांधी द्वारा लिखा गया एक पत्र भी जनता को देना था। इसके अलावा मोदी सरकार के खिलाफ तैयार की गई एक चार्जशीट भी कांग्रेसियों को लोगों के सुपुर्द करनी थी। अभियान के संदर्भ में अब प्रदेश स्तर पर इसकी प्रगति से संबंधित एक समीक्षा रिपोर्ट बनाने की तैयारी चल रही है। यह रिपोर्ट 26 मार्च को ही कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को सौंपी जाएगी।
बृजलाल खाबरी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के संदर्भ में पार्टी के जिला एवं महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। विधानसभाओं एवं ब्लॉकों में अभियान के संदर्भ में की गई प्रगति की जानकारी भी लेंगे। जिला एवं महानगर अध्यक्षों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने साथ दो पार्टी कार्यकर्ताओं को मदद के लिए भी ला सकते हैं। इससे पूर्व एक रिपोर्ट अध्यक्षों को तैयार करनी होगी। यह रिपोर्ट वे प्रदेश अध्यक्ष को बैठक के दौरान प्रेषित करेंगे।