नगर संवाददाता
गाजियाबाद (युग करवट)। नेहरू नगर स्थित हरिश्चंद त्यागी सार्वजनिक पुस्तकालय का के २५ वर्ष पूरे होने के अवसर पर रजत जयंती समारोह दुर्गावती हेमराज टाह सरस्वती विद्यामंदिर के सभागार में आयोजित किया। कार्यक्रम के शुभारंभ पर जम्मूू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने पुस्तकालय परिसर में बने बुक बैंक का शुभारंभ किया। उन्होंने पुस्तकालय व बुक बैंक का अवलोकन भी किया। इसके उपरांत सभागार में रजत जयंती समारोह का दीप प्रज्जवलित कर मुख्य अतिथि, राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल व संरक्षक बालेश्वर त्यागी ने किया। इसके उपरांत पुस्तकालय के निमार्ण में अपना योगदान देने वाले पूर्व सहयोगी पूर्व पार्षद सरदार त्रिपत सिंह बावा, पूर्व एमएनए रामबौद्घ मौर्य, पूर्व एक्सईन एसके त्यागी, पुस्तकें देने वाले अभिमन्यू मिश्रा और पहले पाठक प्रेमचंद को मुख्य अतिथि मनोज सिन्हा द्वारा सम्मानित किया। मनोज सिन्हा ने वर्तमान में सहयोग करने वाले शिक्षाविद् राकेश गर्ग, जेके गौड, चीफ वार्डन ललित जायसवाल, राजेन्द्र अग्रवाल, सरदार मलकीत सिंह जस्सर को भी सम्मानित किया। सरंक्षक बालेश्वर त्यागी ने इस अवसर पर कहा कि छोटे से दो कमरों में यह लाइब्रेरी शुरू हुई जो आज लोगों के सहयोग व छात्रों की मेहनत से काफी बड़ी हो गई है। आज इसमें ७० हजार से अधिक किताबें हैं। ढाई सौ से अधिक बच्चे यहां प्रतिस्पर्धी प्रतियोगिता की तैयारी करते है। वरिष्ठ भाजपा नेता प्रथ्वी सिंह कसाना ने कहा कि बालेश्वर त्यागी शहर के अमीरे खास हैं जो अपनी न्यूनतम जरूरतों को पूरा करे, देश की युवा पीढी को पुस्तकालय के माध्यम से सहयोग कर रहे हैं। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए यशोदा अस्पताल नेहरू नगर के चेयरमैन डॉ.दिनेश अरोडा ने कहा कि हमें पुराना लाल चौक याद आता है, फूलों की घाटी, खीर भवानी का मंदिर याद आता है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि अगर किसी को स्वर्ग देखना है तो वह लाइब्रेरी देख लें, क्योंकि स्वर्ग भी ऐसा ही होता होगा। उन्होंने कहा कि दुनिया में सबसे अधिक मोबाइल यूजर हमारे देश में हैं लेकिन १८ हजार ६६६ लोगों पर एक लाइब्रेरी है। कार्यक्रम में मंचासीन राज्यसभा सांसद अनिल अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता रमेशचंद तोमर, वरिष्ठ भाजपा नेता प्रथ्वी सिंह, विधायक अजीत पाल त्यागी, विधायक सुनील शर्मा, महापौर सुनीता दयाल, कार्यक्रम अध्यक्ष डॉ.दिनेश गोयल, सरंक्षक बालेश्वर त्यागी,वरिष्ठ नेता माया प्रकाश,पूर्व विधायक प्रशांत चौधरी, जदयू नेता सुरेन्द्र त्यागी,भाजपा महानगर अध्यक्ष संजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे। व्यापारी संगठन, पूर्वाचंल भूमिहर संघ सहित कई संस्थाओं ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा पुस्तकालय की रजत जयंती का फोल्डर विमोचन भी किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार व कवि राज कौशिक ने किया। कार्यक्रम में व्यापारी नेता आशुतोष बिंदल, अनिल सांवलिया, एसपी सिंह, जयप्रकाश, राजेन्द्र त्यागी, बलदेव राज शर्मा, जगदीश साधना, देवेन्द्र हितकारी, अमित त्यागी आदि मौजूद रहे।