युग करवट ब्यूरो
अयोध्या। राम मंदिर का निर्माण कार्य जोरों पर है और उसका स्वरूप भी दिखने लगा है। निर्माण कार्यों के दौरान ही श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के जलाभिषेक की तैयारी शुरू हो गई है। देश ही नहीं दुनिया भर की नदियों और समुंद्र के जल से अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में अभिषेक किया जाएगा। इसको भव्य और यादगार बनाने के लिए बड़े कार्यक्रम की तैयारी है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 23 अप्रैल को 155 देशों की नदियों के जल से राम लला का जलाभिषेक करेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि विजय जौली के नेतृत्व में एक टीम 155 देशों की नदियों का पानी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ को सौंपेगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सीएम योगी आदित्यनाथ 23 अप्रैल को मनीराम दास छावनी सभागार में जल कलश की पूजा करेंगे। एक गैर सरकारी संस्था दिल्ली स्टडी ग्रुप ने साल 2020 में जल इकट्ठा करने की इस मुहिम की शुरुआत की थी। इस संस्था के अध्यक्ष दिल्ली के पूर्व भाजपा विधायक विजय जौली हैं। दुनिया भर की नदियों का जल इकट्ठा हो चुका है। पाकिस्तान की राबी नदी समेत दुनिया भर में बहने वाली नदियों के जल को इकट्ठा किया गया है। यहां तक कि युद्ध के दौरान ही रूस और यूक्रेन की नदियों के जल को भी एकत्रित किया गया है। राबी नदी के जल को पाकिस्तान से दुबई भेजा और दुबई से भारत लाया गया