गाजियबाद (युग करवट)। अजय राय को उत्तर प्रदेश कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद से ही एक बार फिर पार्टी के संगठन में बड़े फेरबदल की चर्चाएं जोरों पर है। पार्टी के सूत्र बता रहे हैं कि पार्टी में बदलाव जल्द ही नजर आ सकता है और 25 से लेकर 30 अध्यक्षों में बदलाव किया जा सकता है। दरअसल, उत्तर प्रदेश में हुए नगर निकाय चुनाव के पार्टी के खराब प्रदर्शन के बाद से ही संगठन में बड़ा फेरबदल किए जाने की चर्चाएं बनी हुई हैं। बृजलाल खाबरी को हटाकर अजय राय को प्रदेश अध्यक्ष बनाया जाना इसी प्रक्रिया का हिस्सा बताया जा रहा है। वर्तमान में अजय राय की प्रदेश कमेटी और स्थानीय संगठन में होने वाले फेरबदल की चर्चाएं जोरों पर है। पार्टी के सूत्र बता रहे हैं कि प्रदेश अध्यक्ष आज लखनऊ वापस लौट रहे हैं। ऐसे में संभावित बदलाव की घोषणा पार्टी में कभी भी हो सकती है। संभावित बदलाव पार्टी कार्यर्ताओं में भी चर्चा का विषय बना हुआ है।