ग्रेटर नोएडा (युग करवट)। यमुना एक्सप्रेस -वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. अरुण वीर सिंह ने आज यमुना क्षेत्र में पूर्व में हुए आवंटित औद्योगिक इकाइयों के प्रबंधकों के साथ सेक्टर-32 में आयोजित एक जनसभा को संबोधित किया। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ. अरुणवीर सिंह ने कहा कि यमुना क्षेत्र में विकास के नये आयाम रचे जा रहा है।
नोएडा एयरपोर्ट के आने से क्षेत्र के विकास को नयी गति मिल रही है। उन्होंने निवेशकों से कहा कि वे सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें यमुना क्षेत्र में उद्योग लगाने के लिए जगह मिली है। उन्होंने कहा कि उद्यमी यहां पर उद्योग लगाए ना कि अपने प्लाट को बेचकर मुनाफा कमाएं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट जेवर में बन रहा है। यमुना सिटी में हॉलीवुड को टक्कर देने वाले विश्वस्तरीय फिल्म सिटी परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। फिल्म सिटी परियोजना दस हजार करोड़ की है। इसे तीन चरण में विकसित करने की योजना है। एक हजार एकड़ में विकसित होने वाली इस परियोजना में 220 एकड़ जमीन कामर्शियल उपयोग के लिए है। शेष 780 एकड़ पर फिल्म निर्माण के लिए ढांचा विकसित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यमुना प्राधिकरण की मेडिकल डिवाइस पार्क योजना भारत को मेडिकल उपकरण के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उपकरणों के निर्यात देशों की श्रेणी में स्थापित करेगा। यमुना सिटी को लेकर जिस तरह से योजनाएं बनाई गई है और यहां औद्योगिक निवेश हो रहे हैं। भविष्य में यमुना सिटी देश में इंडस्ट्रियल कैप्टिल के रूप में स्थापित होगा।
उद्यमियों में सेल्फी लेने की मची होड़
कार्यक्रम के दौरान वहां उपस्थित उद्यमियों में यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुण वीर सिंह के साथ सेल्फी लेने की होड़ मची रही। उद्यमियों ने कहा कि वे उन्हें टीवी और समाचार के माध्यम से देखते और पढ़ते थे। आज साक्षात उनसे मुलाकात हुई है। उन्होंने कहा कि यमुना विकास प्राधिकरण क्षेत्र के विकास और एयरपोर्ट बनाने में उनकी अहम भूमिका है।