कई राज्यों में बारिश का कहर
नई दिल्ली। उत्तर भारत के ज्यादातर राज्यों में मानसून की बारिश कहर बरपा रही है। कई राज्यों में बारिश से घरों को नुकसान पहुंचा है, जिससे अब तक 22 लोगों की मौत हो गई है। उत्तर भारत में कहीं पुल ढह गया है तो कहीं मकान और सडक़ें धंस रही हैं। राजधानी दिल्ली भी इससे अछूती नहीं है, यहां के पॉश इलाकों तक में बीते दिन हुई भारी बारिश से अब तक पानी सडक़ों पर जमा है।
दिल्ली, हिमाचल और पंजाब में आज भी भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल के मंडी में आज भी तेज वर्षा जारी है तो वहीं, हरियाणा द्वारा यमुना में एक लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने से नदी का जलस्तर तेजी से खतरे के निशान तक पहुंच रहा है।