प्रमुख संवाददाता
गाजियाबाद(युग करवट)। रैपिडएक्स के बनने से मेरठ तिराहा का नजारा बदल गया है। एक जमाना था कि इस एरिया में कोई खास विकास नहीं हो पा रहा था, लेकिन अब इस एरिया में तेजी के साथ विकास हो रहा है। इसकी सबसे पहले शुरूआत मेट्रो से हुई है।
नया बस अड्डा मेट्रो के शुरू होने से आसपास के एरिया की लुक ही बदल गया है। इसी के चलते ही नए बस अड्डे के आसपास के एरिया में विकास ने गति पकड़ी है। जिस जमीन पर कभी टूरिज्म विभाग का हिंडन मॉटल नाम से होटल होता था। उस जमीन पर अब कई हजार वर्ग मीटर जमीन में हाईस्पीड ट्रेन के लिए स्टेशन बनाने का कार्य किया जा रहा है। स्टेशन बनाने का कार्य तेजी के साथ चल रहा है। आरआरटीएस का दावा है कि इस स्टेशन के सिविल वर्क का कार्य पूरा हो गया है। अब फिनिशिंग का कार्य किया जा रहा है जो जल्दी ही पूरा होने की संभावना है। इस स्टेशन के चालू होते ही मेरठ रोड तिराहे के पास लोगों की आवाजाही और अधिक होगी। साथ ही इस एरिया में विकास और गति पकड़ेगा।